रोक के बाद भी बिक रही चाइनीज डोर, 2 को किया घायल

7/27/2017 10:50:39 AM

कैथल(सुखविंद्र):चाइनीज डोर की चपेट में आने से पहली कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची व एक युवक की गर्दन कट गई। दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार गांव खनौदा निवासी कृष्ण (25) पुत्र जेठा राम जोकि निजी बैंक का कर्मचारी है, सायं को छुट्टी के बाद बाइक पर घर जा रहा था। ढांड रोड सिंडिकेट बैंक के सामने अचानक उसके गले में चाइनीज डोर फंस गई। जब तक वह बाइक रोकता, उसका गला बुरी तरह से कट चुका था और खून बहने लगा। राहगीर उसे निजी अस्पताल ले गए जहां से उसे पहले सिविल अस्पताल तो बाद में पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया। 

वहीं, एकता (7) पिता यशपाल सैनी व मां सोनू निवासी चंदाना गेट के साथ बाइक पर आगे बैठकर जा रही थी। कोयल कॉम्प्लैक्स के निकट चाइनीज डोर की चपेट में आने से एकता की गर्दन से खून बहने लगा। यशपाल उसे तुरंत निजी अस्पताल ले गया जहां उसे आई.सी.यू. में रखा गया है। डा. राजेश ने बताया कि एकता का आप्रेशन किया गया, जिसके बाद उसकी हालत स्थिर है। परिजनों ने रोष जताते हुए कहा कि चाईनीज मांझे पर रोक के बावजूद यह बिक कैसे रहा है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।

डी.सी. सुनीता वर्मा ने कहा कि अभी तक ऐसी जानकारी नहीं थी कि प्रतिबंधित मांझा बिक रहा है। हादसों का कारण बना है तो इसकी जांच करवाई जाएगी। संबंधित दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।