कैथल के हरविंदर 27 को टोक्यो पैरालंपिक में लगाएंगे जीत का निशाना

8/24/2021 5:39:45 PM

कैथल: टोक्यो ओलंपिक 2020 की सफलता के बाद अब दुनिया भर की नजरें पैरालंपिक पर टिक गई हैं। आज से टोक्यो में ही पैरालंपिक खेलों की शुरुआत हो रही है। भारत की ओर से इस बार 54 खिलाड़ियों का दल टोक्यो पैरालंपिक गया है। इन 54 खिलाड़ियों के दल में 19 खिलाड़ी हरियाणा के हैं, जिन पर देश सहित पूरे प्रदेश की नजर होगी। 27 अगस्त को हरियाणा के तीरंदाज हरविंदर सिंह जीत के लिए निशाना लगाएंगे। उनका मुकाबला सुबह 10:30 बजे शुरु होगा। हरविंदर सिंह भारत के अवल दर्जे के तीरंदाज हैं, उनसे मेडल की उम्मीद लगाई जा रही है।  



बता दें कि हरविंदर सिंह का जन्म हरियाणा के कैथल जिले के गांव अजीत नगर में मध्यमवर्गीय किसान परिवार में हुआ था। बचपन में ही हरविंदर का एक पैर पोलियो ग्रस्त हो गया था। जिससे वह विकलांग हो गए लेकिन उन्होंने अपनी इस कमजोरी को कभी भी अपने ऊपर भारी नहीं होने दिया। उन्होंने 10 वीं तक की पढ़ाई गांव के ही स्कूल में पूरी की है। इसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए शहर चले गए। 

साल 2012 में लंदन ओलंपिक्स खेलों से हरविंदर को तीरंदाजी करने की प्रेरणा मिली थी। 2017 में हरविंदर को पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय खेल में देश को प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ और उन्होंने पैराआर्चरी वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत की ओर से खेला। हरविंदर अब तक भारत के लिए 7 बार अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधत्व कर चुके हैं।



हरविंदर 2016 में रोहतक में आयोजित किए गए पहले पैरा आर्चरी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और उस प्रतियोगिता में कांस्य पदक अपने नाम किया था। उसके बाद उन्होंने 2017 में बीजिंग में आयोजित किओ गए विश्व पैरा आर्चरी खेल में हिस्सा लिया और 7 वां स्थान हासिल किया था। 

2018 में इंडोनेशिया में आयोजित किए गए पैरा गेम्स में हिस्सा लिया और भारत के लिए गोल्ड मेडल भी जीता था। 2019 में थाईलैंड में आयोजित किये गए तीसरे एशियाई पैरा चैंपियन में हिस्सा लेकर भारत के लिए एक और कांस्य पदक जीता था। वहीं 2019 में नीदरलैंड्स में आयोजित विश्व पैरा चैंपियनशिप गेम्स में हिस्सा लेकर पैरा ओलंपिक 2020 के खेल के लिए अपनी जगह बनाई। हरविंदर सिंह पैरालंपिक में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतना चाहते हैं, इसके लिए उन्होंने हर रोज करीब 6-8 घंटे की कठिन प्रैक्टिस भी किया है।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

vinod kumar