कांग्रेस और गुरनाम चढूनी का चेहरा उजागर, लोगों से मांगे माफी: हरविंदर कल्याण

1/19/2021 3:11:49 PM

चंडीगढ़ (धरणी): भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और घरौंडा से विधायक हरविंदर कल्याण ने कांग्रेस और भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह चढूनी पर हमला बोला है। विधायक हरविंदर ने कहा कि किसान आंदोलन के नाम पर कांग्रेस और गुरनाम सिंह की साठगांठ उजागर होने के बाद आंदोलन के परदे के पीछे का सच सामने आ गया है। अब कांग्रेस और गुरनाम सिंह को हरियाणा की जनता से माफी मांग लेनी चाहिए।



हरविंदर ने कहा कि बीते दिनों किसान आंदोलन के नाम पर कैमला गांव में हुई हुडदंगबाजी की घटना भी बेहद शर्मनाक थी। इस घटना के पीछे भी कांग्रेस और गुरनाम सिंह का हाथ था, जिसे बाद में मीडिया के सामने खुद गुरनाम सिंह ने स्वीकार भी किया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के किसान पंचायत कार्यक्रम के आयोजन से पहले तय किया गया था कि किसान अपना आंदोलन करें और ग्रामीण अपना कार्यक्रम करेंगे। कोई भी एक दूसरे के कार्यक्रम में दखलअंदाजी नहीं करेगा, लेकिन गुरनाम सिंह ने कैमला गांव में माहौल खराब करने का हरसंभव काम किया। बावजूद इसके सरकार का किसानों के प्रति सॉफ्ट कॉर्नर रहा।

विधायक ने कहा कि गुरनाम सिंह पूरी तरह कांग्रेस के इशारे पर नाच रहे हैं। अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए गुरनाम सिंह किसानों का इस हद तक इस्तेमाल कर सकते हैं, यह बेहद निंदनीय है। विधायक हरविंदर ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारियों और गुरनाम सिंह के बीच मतभेद जगजाहिर हो चुके हैं।  



उन्होंने प्रदेश के अन्नदाताओं का आह्वान किया कि किसानों का इस्तेमाल करने वाले ऐसे लोगों से सावधान रहें और जिस कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में किसानों की लाखों एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया था, आज वह कांग्रेस किसान हितैषी होने का ढोंग रच रही है। लेकिन कांग्रेस के मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और गुरनाम सिंह प्रदेश की जनता से माफी मांगे। हरियाणा का अन्नदाता समझदार है और कांग्रेस व गुरनाम सिंह के हाथों की कठपुतली नहीं बनेगा।

vinod kumar