तीसरे मोर्चे के गठन के लिए सक्रिय हुए अभय

11/6/2016 9:54:24 AM

हिसार (अरोड़ा): नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला भाजपा के खिलाफ तीसरे मोर्चे के गठन के लिए सक्रिय हो गए हैं। इस दिशा में शनिवार को समाजवादी पार्टी के सिल्वर जुबली कार्यक्रम में भाग लेकर एक और कदम बढ़ा दिया है। 

इससे पूर्व चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस पर 25 सितम्बर को करनाल में आयोजित इनैलो की रैली में बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार व सपा अध्यक्ष शिवपाल यादव की मौजूदगी में अभय चौटाला ने तीसरे मोर्चे के गठन का शंखनाद किया था। इसके बाद आज शनिवार को सपा के लखनऊ में आयोजित सिल्वर जुबली समारोह में शिरकत करने पहुंचे अभय चौटाला ने एक बार फिर तमाम राष्ट्रीय नेताओं से तीसरे मोर्चे के गठन पर जोर दिया।

इस कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, आर.जे.डी. अध्यक्ष लालू यादव, जनता दल (यू) के नेता शरद यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजीत सिंह व सपा अध्यक्ष शिवपाल यादव मौजूद थे। इस मौके पर अभय चौटाला ने क्षेत्रीय दलों व जनता परिवार से एकजुट होने का आह्वान करते हुए भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए देश में तीसरे मोर्चे के गठन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से चौधरी देवीलाल ने जनता दल का और स्व. जयप्रकाश नारायण ने जनता पार्टी का गठन करके देश को एक नई राह दिखाई थी, आज देश तीसरे मोर्चे के नेताओं से एकजुट होने की उम्मीद लगाए बैठा है। 

उन्होंने कहा कि उन दिवंगत नेताओं की सोच व विचारधारा को आगे बढ़ाने और गरीब, किसान, मजदूर व कमेरे वर्ग के हितों की लड़ाई लडऩे और उसकी सत्ता में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होने की जरूरत है।