5 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, कबूल की 11 वारदातें

11/8/2016 4:50:33 PM

यमुनानगर (हरिंदर सिंह): सी.आई.ए. ने अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 आरोपियों को हथियार सहित पकड़ा है। जिन्होंने 11 वारदातों को कबूला है। इनमें 2 हत्या के केस शामिल है। एक हत्या के प्रयास का है। 4 मामले बेल को जम्प करने के हैं। 3 मामले स्थानीय है। एक मामला दिल्ली के उत्तम नगर में लूट का है। पुलिस ने पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें 2 दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। उधर, पुलिस से जुड़े अधिकारी बता रहे हैं कि और कई मामले खुल सकते हैं। इसलिए रिमांड लिया गया है। सोमवार को डी.एस.पी. ऊषा व इंस्पैक्टर संदीप कुमार ने पत्रकार वार्ता कर मामले की जानकारी भी दी। इस मौके पर डी.एस.पी. ने कहा कि अवैध खनन रोकने के लिए भी पुलिस प्रयासरत है। मौजूदा समय में अवैध खनन पूरी तरह से बंद है। जगह-जगह नाकाबंदी की गई है। आम जन से सूचना देने व सहयोग की अपील भी पुलिस की ओर से की गई है। 

 

करनाल से यमुनानगर आकर रहने लगे थे किराए पर
पुलिस ने करनाल निवासी सुनील व तरुण को गिरफ्तार किया। तरुण तो बी.टैक द्वितीय वर्ष का छात्र है। ये दोनों सदर थाना करनाल के पृथ्वी विहार व नगला फार्म में हत्या कर चुके हैं। जबकि एक हत्या के प्रयास का मामला भी इन पर दर्ज हैं। हत्या के बाद ये लोग यमुनानगर किराए पर आकर रहने लगे। जहां इनकी दोस्ती सदर थाना यमुनानगर के गांव रायपुर निवासी मौसम, प्रिंस व संजीव से हो गई। ये तीनों भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार किराए के दौरान ही इन पांचों में दोस्ती हो गई और ये वारदातों को अंजाम देने लगे। 

 

ये वारदात कबूली
डी.एस.पी. ने बताया कि 25 सितम्बर को राजेश कुमार वासी माडल टाऊन से 2 लाख रुपए की लूट हुई थी। आरोपियों ने हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दिया था और 2 फायर भी किए गए थे। इस घटना को इन आरोपियों ने अंजाम देना कबूला है। दूसरी वारदात दीवाली वाले दिन जय हनुमान प्लाईवुड के लेबर क्वार्टर में लूट की नीयत से मजदूर को गोली मारी गई थी। इससे पूर्व 1 जून को मोटरसाइकिल सवार 2 व्यक्तियों में से एक के ऊपर पिस्टल से गोली मारकर थैला छीना गया था। चौथी वारदात दिल्ली के उत्तम नगर में की गई। इन्होंने 55 हजार रुपए गोली मारकर लूट लिए थे। 

 

2 दिन का रिमांड मिला है : डी.एस.पी.
डी.एस.पी. ऊषा ने बताया कि पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया था। जहां से 2 दिन का रिमांड मिला है। उम्मीद है कि और कई मामले सुलझेंगे। हमारा प्रयास जिला को अपराध मुक्त बनाना है।