बदला, बदली, ट्रांसफर एवं फीता काटने में व्यस्त भाजपा सरकार: हुड्डा

1/14/2017 10:57:28 AM

गुड़गांव (गौरव): भाजपा सरकार द्वारा बारंबार स्थानांतरण सूची जारी करने की बात करने पर पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मैं तो पहले से ही कहता आ रहा हूं कि प्रदेश में सत्तारुढ़ भाजपा सरकार केवल 4 कार्यों मेंं व्यस्त है। बदला, बदली, घोषणाएं और फीता काटना। राजीतिक बदले की भावना से कार्रवाई करना इस सरकार की कार्यप्रणाली का अहम हिस्सा है। प्रदेश में विकास कार्य करने की बजाए इस सरकार द्वारा हजारों की संख्या में घोषणाएं कर उन्हें केवल लुभावने सपने दिखलाए जाते हैं और इन घोषणाओं को अमली जामा पहनाने के लिए सरकार प्रयासरत नहीं दिखती है। 

नई योजनाओं के नाम पर यह सरकार केवल कांग्रेस की पुरानी योजनाओं का नाम बदल कर झूठा श्रेय लेना चाहती है। देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करने वाले योजना आयोग जैसे महत्वपूर्ण आयोग का नाम केवल इसलिए बदल कर नीति आयोग कर दिया गया, जिससे कि यह बताया जा सके कि यह भाजपा का बनाया हुआ आयोग है। यही नहीं कांग्रेस द्वारा शुरु की गई परियोजनाओं का दोबारा से फीता काट कर उसका श्रेय लेने में भी ये भाजपायी पीछे नहीं रहते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया के घर पत्रकारवार्ता में बोल रहे थे। इस अवसर पर उनसे यह पूछा कि आपकी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर अपनी गर्दन में दर्द की शिकायत कर रहे हैं, इसपर हुड्डा ने चुटकी लेते हुए कहा कि यदि तंवर उनसे कहेंगे तो वे उनका ईलाज अवश्य करवाएंगे।