मिट्टी ढहने से मजदूर की मौत, ग्रामीणों ने की आर्थिक मदद की गुहार

11/7/2016 11:45:32 AM

बावल (रोहिल्ला): बावल के गांव बीदावास में शौचालय की कुई की खुदाई करते समय मिट्टी ढहने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के समय मजदूर के 2 अन्य भाई भी खुदाई का कार्य कर रहे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। 

 

जानकारी के अनुसार गांव बीदावास में अशोक कुमार अपने घर में कुई खुदवा रहा था। उसने कुई खुदवाने के लिए गांव दुल्हेड़ा निवासी विक्रम व उसका छोटा भाई ललित कुमार, उसका चचेरा भाई धर्मबीर को मजदूर किया हुआ था। कुई को अभी 15 फीट तक ही खोदा गया था। बीती शाम विक्रम कुई के अंदर खुदाई कर रहा था और उसके भाई मिट्टी को बाहर खींच रहे थे, तभी अचानक मिट्टी खिसक गई जिससे मिट्टी का टीला विक्रम के ऊपर जा गिरा। पुलिस व ग्रामीणों की 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद विक्रम को कुई से बाहर निकाला गया। विक्रम को तुरंत उपचार के लिए रेवाड़ी लाया गया लेकिन तब तक विक्रम दम तोड़ चुका था। 

 

पुलिस अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि मिट्टी ढहने से विक्रम कुई में फंस गया। वह 15 फीट नीचे फंस गया था। जिसे निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। 

 

क्या कहना है ग्रामीणों का
मजदूर की मौत के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित शव परीक्षण गृह में बीदावास के सरपंच जोगिंद्र सिंह, पूर्व सरपंच हुकम सिंह, भरत सिंह, रामकिशोर, बिजेंद्र, शादीलाल, जगदीश, लीलूराम, रामजीवन, महाबीर चोपड़ा खिजूरी व गांव दुल्हेड़ा के हुकम सिंह, नम्बरदार रामेश्वर, मा. लीलू राम, हुकम सिंह, ओमप्रकाश, चांद सिंह आदि पहुंच गए। उन्होंने बताया कि विक्रम के ऊपर 8 लोगों का पेट भरने का जिम्मा था। विक्रम अनुसूचित जाति से है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार की है।