खट्टर अपने पद से इस्तीफा देकर प्रदेश में चुनाव करवाकर देख लें: हुड्डा

12/26/2016 12:29:11 PM

बाबैन: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर चंडीगढ़ के चुनावों का प्रभाव देश में पड़ने का दावा कर रहे हैं। यदि खट्टर को अपनी लोकप्रियता पर इतना ही गुमान है तो वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर हरियाणा में चुनाव करवाकर देख लें। उन्हें अपनी असलियत का पता चल जाएगा कि उनकी विरोधी नीतियों से जनता कितनी दुखी व परेशान है। 

इसका जवाब जनता भाजपा के सभी उम्मीदवारों की जमानतें जब्त करवाकर वोट की ताकत से देगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खट्टर प्रदेश को छोड़कर पहले अपने मंत्रियों और विधायकों की गरीबी दूर करेंगे। उसके बाद अगर समय बचा तो जनता के बारे में सोचेंगे। भाजपा सरकार का 2 वर्ष का शासनकाल बीतने के बावजूद भी आज तक प्रदेश में विकास कार्यों पर एक फूटी कोड़ी भी खर्च नहीं की है। भाजपा विधायक व मंत्री कांग्रेस द्वारा करवाए कार्यों पर अपने नाम के पत्थर लगाकर वाहवाही लूटने का काम कर रहे हैं जिससे विकास के मामले में प्रदेश पिछड़ गया है। हुड्डा जसमेर सिंह सुनारियां के निमंत्रण पर गांव ईशरगढ़ चौक पर लोगों के समक्ष बोल रहे थे।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार ने जो नोटबंदी का फैसला बिना सोचे-समझे लिया है, इससे पूरा देश अपने कार्य छोड़कर खून-पसीने की कमाई पाने के लिए बैंकों के आगे लाइनों में खड़ा है। उन्होंने कहा कि मैंने 10 वर्ष के शासनकाल में प्रदेश से पूर्ण रूप से भ्रष्टाचार खत्म करने का काम किया था। आज भाजपा के शासनकाल में भ्रष्टाचार चरम पर है।