एम्बुलैंस रोकने वालाें के खिलाफ केस दर्ज

11/23/2016 12:36:04 PM

फतेहाबाद (मदान) : 20 नवंबर की रात को बीघड रोड पर हुए सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर जा रही एम्बुलैंस को रोकने के आरोप में शहर थाना पुुलिस ने 4-5  युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

डा. अशोक ने दी शिकायत में बताया कि 20 नवंबर रात को बीघड रोड पर हुई सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर नागरिक अस्पताल की एम्बुलैंस घटनास्थल पर जा रही थी और एम्बुलैंस को चालक सुभाष चला रहा था। घटनास्थल पहुंचने से पहले बाइपास के नजदीक 4-5 अज्ञात युवकों ने हूटर बजाने को लेकर एम्बुलैंस को रुकवा लिया और चालक पर पिस्तौल रखकर सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाई।

 चालक ने इसकी शिकायत सिविल सर्जन फतेहाबाद को दी और सिविल सर्जन ने इस संदर्भ में शहर पुलिस को युवकों के खिलाफ शिकायत देकर मामला दर्ज करवाया है।मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक शीशपाल कर रहे हैं।