जिला बाल संरक्षण ने रुकवाई नाबालिगा की शादी

12/5/2016 4:38:22 PM

हांसी (विमल): जिला बाल संरक्षण ने ढाणी कुतुबपुर की एक नाबालिगा को शादी के बंधन में बंधने से बचा लिया। नाबालिगा की उसकी 2 बहनों के साथ सिरसा के एक गांव में शादी की जा रही थी। मामले की सूचना मिलने के बाद जिला बाल संरक्षण कमेटी ने पुलिस की निगरानी में उक्त शादी रुकवा दी। उसके बाद तीनों लड़कियों के दस्तावेज जांचने के बाद 2 लड़कियों को बालिग पाया गया जबकि तीसरी लड़की नाबालिग मिली। 

 

जानकारी के अनुसार गांव ढाणी कुतुबपुर के एक परिवार की 3 लड़कियों की सिरसा जिले के हांडा खेड़ी गांव से बारात आनी थी। इस सम्बंध में किसी ने बाल संरक्षण अधिकारी सुनिता यादव को फोन पर सूचना दी कि ढाणी कुतुबपुर में शादी के बंधन में बंधने वाली 3 लड़कियों में से 2 नाबालिग हैं। 

 

उसी के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए बारात आने के कुछ समय पूर्व ही विवाह रुकवाने के लिए टीम में गांव में अलग-अलग 3 टुकड़ों में गांव पहुंची। विवाद को देखते हुए मौके पर हांसी पुलिस को भी बुलवा लिया गया। 

 

पुलिस की मौजूदगी में लड़की के उम्र सम्बंधित दस्तावेजों की जांच व मिलान के बाद आंगनबाड़ी रिकार्ड के अनुसार महज एक लड़की ही नाबालिग मिली। उसके बाद 2 लड़कियों की शादी हो गई, जबकि तीसरी की गोद भरवाई की रस्म पूरी करके उसके बालिग होने तक उसकी शादी न करने का फैसला लिया गया।