'ड्रीम गर्ल' को देखने के लिए उमड़ी भारी भीड़, बेकाबू होते लोगों पर पुलिस ने बरसाए डंडे (Pics)

12/11/2016 10:21:38 AM

कुरुक्षेत्र (धमीजा): धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में अभिनेत्री हेमा मालिनी द्रोपदी के रूप में अपनी एक खास परफॉर्मेंस लेकर सामने आई। हेमा मालिनी के इस प्रोग्राम को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ भी थी। बेकाबू होती भीड़ पर पुलिस ने काफी काबू करने की कोशिश की लेकिन जब हालात नहीं संभले तो लाठीचार्ज करना पड़ गया। 

महोत्सव में पहुंचना जिंदगी का सबसे बड़ा अवसर: हेमा मालिनी
प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री तथा भगवान श्रीकृष्ण की भूमि मथुरा से सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र की भूमि पर द्रोपदी नृत्य कर जीवन की सबसे अनूठी आत्मसंतुष्टि मिलेगी। द्रोपदी नृत्य से महाभारत की भूमि कुरुक्षेत्र से पूरी दुनिया की महिलाओं को संदेश मिलेगा कि भक्ति में शक्ति है और प्रेम से पुकारोगे तो परमात्मा की प्राप्ति होगी। यही गीता का सबसे बड़ा संदेश है।

उन्होंने कहा कि गीता का ज्ञान अर्जित करने के लिए लम्बे समय तक अध्ययन किया। ग्रंथ के श्लोकों को याद किया। उन्होंने गीता के श्लोकों का संस्कृत में उच्चारण करते हुए बताने का प्रयास किया कि वह कलाकार पुण्य की प्राप्ति करेगा जो भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं में रमकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देगा। इसलिए अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के लिए द्रोपदी नृत्य विशेषतौर पर तैयार किया है।

इस नृत्य में आज की नारी की वास्तविक स्थिति दर्शाने का प्रयास किया है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयास सराहनीय हैं कि मथुरा और कुरुक्षेत्र के लिए गीता जयंती ट्रेन की शुरूआत की है। ट्रेन को सप्ताह में 7 दिन चलाने के लिए वह केंद्र सरकार से सिफारिश करेंगी, क्योंकि उनके लोकसभा क्षेत्र के भी लोगों को श्रीकृष्ण की कर्मभूमि पर पहुंचने का मौका मिलेगा। 

उन्होंने कहा कि वह राजनीति और फिल्मी दुनिया को अलग-अलग स्वरूप में देखती हैं। दोनों क्षेत्रों के लिए निर्धारित समय के अनुसार कार्य करती हैं। दोनों क्षेत्रों में खूब आनंद ने रही हैं। उन्होंने कहा कि फिल्मी दुनिया में रहकर लोगों के लिए जीवन की सच्चाइयों और प्राचीन परम्परा पर आधारित फिल्में तैयार कर रही हैं। इस पावन धरा के लोगों को सलाम करते हुए कहा कि देश और दुनिया के लोगों को गीता के संदेश को ग्रहण करना चाहिए।