हरियाणा के नागरिकों की बनेगी ‘जन्म कुंडली’

12/29/2016 9:17:49 AM

नई दिल्ली: हरियाणा में नागरिकों का समग्र स्टेट रैजीडैंट्स डाटा बेस (SRDB) तैयार किया जाएगा। इसके तहत राज्य के सभी नागरिकों का ऑनलाइन डिजीटल सर्वे के माध्यम ई-के.वाई.सी. आधारित डाटा बेस तैयार होगा। इस सर्वे के जरिए एकत्रित होने वाला डाटा विभिन्न विभागों के डाटा से जुड़ेगा, जिससे समस्त राज्य का संपूर्ण डाटा बेस तैयार हो सकेगा। सर्वे और विभिन्न विभागों का डाटा राज्य में नागरिकों व विभिन्न विभागों के लिए मास्टर डाटा बेस के तौर पर काम करेगा। इस डाटा बेस के माध्यम से राज्य में नागरिकों को कुशल व प्रभावी सेवाएं उपलब्ध होंगी। सरकार के वर्तमान कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा भविष्य में अच्छी योजनाओं के निर्माण में सहायता मिलेगी। 

इसके लिए नई दिल्ली में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल व आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की उपस्थिति में दोनों राज्यों मध्य अधिकारिक स्तर पर सांझा सहमति पत्र पर हस्ताक्षर हुए। इस बावत हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव डी.एस.ढेसी ने बताया कि राज्य में स्टेट रैजीडैंट्स डाटा बेस तैयार करने की परिकल्पना की गई है। इसके चलते हरियाणा और आंध्र प्रदेश की सरकारों के मध्यम एक जीटू-जी समझौता किया गया है। आंध्र प्रदेश में प्रजा साधिकार सर्वे के जरिए पीपुल हब डाटा बेस तैयार किया जा चुका है। हरियाणा में एस.आर.डी.बी. की परिकल्पना को साकार करने के लिए राज्य के नागरिकों का ऑनलाइन डिजीटल सर्वे के माध्यम इ-के.वाई.सी. आधारित डाटा बेस तैयार होगा। हरियाणा की ओर से सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रधान सचिव देवेंद्र सिंह तथा आंध्र प्रदेश की ओर से सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव विजयन ने नई दिल्ली के आंध्रा भवन में एम.ओ.यू. पर हस्ताक्षर किए।