20 फीसदी से कम लॉस वाले फीडरों को मिलेगी 24 घंटे बिजली: खट्टर

12/25/2016 10:44:30 AM

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): हरियाणा में उन फीडरों पर 24 घंटे बिजली की आपूर्ति की जाएगी जहां पर संप्रेषण एवं वितरण (टी.एंड.डी.)लॉस 20 फीसदी से कम होगा। राज्य में इस उपलब्धि पर सबसे पहले पंचकूला जिले में 24 घंटे बिजली की निर्बाध आपूर्ति होगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह महत्वपूर्ण जानकारी नई दिल्ली में मुख्य मंत्री के सुशासन सहयोगीगण (सी.एम.जी.जी.ए.) की बैठक के दौरान दी।

खट्टर ने बताया कि राज्य में बिजली वितरण एवं संप्रेषण को बेहतर बनाने के लिए अनेक कार्य हुए हैं, जिसके चलते पहली बार दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम मुनाफे में आया है। भारत सरकार में ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पीयूष गोयल ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी है। आपूर्ति में सुधार के साथ-साथ बिजली चोरी रोकने व सरकारी कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। 

इसी कड़ी में जींद के रसीदां गांव में बिजली कर्मियों से मारपीट कर काम में बाधा डालने पर 43 लोगों के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि बिजली के वितरण एवं संप्रेषण के क्षेत्र में अंबाला जिले में भी सराहनीय कार्य हुआ है। पंचकूला के बाद अंबाला में भी 24 घंटे बिजली की आपूर्ति की जाएगी।