अयोग्य युवकों की भर्ती नहीं होगी: मनोहर

1/16/2017 10:13:29 AM

पानीपत (सुरजीत खर्ब): मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि भाजपा हरियाणा में अपने 5 साल के शासन में अयोग्य युवकों की भर्ती नहीं करेगी, जिससे 35 वर्ष तक प्रदेश की जनता को भुगतना पड़े। हमें गलत परम्पराओं को खत्म करते हुए हरियाणा में युवा, कृषि, उद्योग व रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाते हुए बदलाव को साबित करना है। कार्यकत्र्ताओं को अपना दिल और मन बड़ा करते हुए प्रत्येक हरियाणवी के सुखद भविष्य के लिए काम करना है। 2 दिवसीय भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में बतौर मुख्य वक्ता मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र, हरियाणा में जिस उम्मीद के साथ जनता-जनार्दन ने भाजपा के ऊपर भरोसा जताया, इसके लिए हमें निश्चित तौर तेजी से काम करना है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल हमेशा भाई-भतीजावाद पर सत्ता भोगते आए लेकिन हम सरकारी भर्तियों में योग्यता का ध्यान रख रहे हैं, ताकि प्रदेश की जनता को अगले 35 साल अयोग्य कर्मचारी, अधिकारियों को न भुगतना पड़े।

उन्होंने कहा कि पहले सरकार और त्याग में कोई संबंध नहीं होता था। भाजपा संगठन और कार्यकत्र्ता सत्ता से पूर्व हम त्यागी रहे और सत्ता आने के बाद हम भोगी बन जाएं, ऐसा उचित नहीं है। हमें जनसेवक बनकर काम करना चाहिए। उन्होंने मंत्रिमंडल सदस्यों, बोर्ड-निगम चेयरमैन से भी आह्वान किया कि वे अपनी ताकत का प्रयोग करते हुए आमजन का भला करें जबकि संगठन के लोग अच्छे सुझाव दें, ताकि यह सरकार अपने उद्देश्य को पूरा कर सके। इससे पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी बैठक का मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, परिवहन व आवास मंत्री कृष्णलाल पंवार, संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय व भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन करके आगाज किया। मंच संचालन प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया ने तथा स्वागत भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रमोद विज ने किया।