''प्रधानमंत्री का सपना डिजीटल इंडिया बनाने का''

12/15/2016 3:35:05 PM

नारनौल (संतोष): जिले के व्यापारी व दुकानदारों को डिजीटल भुगतान प्रणाली से जोड़ने के लिए 15 दिसम्बर को सायं 3 बजे अनाज मंडी स्थित मार्कीट कमेटी नारनौल के कार्यालय में पी.ओ.एस. मशीन के फार्म भरे जाएंगे तथा ई-करंसी अपनाने के तरीके बताने के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन गोपाल शरण गर्ग ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना डिजीटल इंडिया बनाने का है। इस सपने को साकार करने के लिए हम सभी को पूरी मेहनत के साथ काम करना होगा। 

 

उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी व दुकानदार चाहते हैं कि देश में इस तरह की व्यवस्था लागू हो। पूरा देश डिजीटल भारत बनाने के लिए एकजुट है। इसमें व्यापारी वर्ग का सबसे अधिक रोल रहेगा। इसी कड़ी में 15 दिसम्बर को यह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसमें व्यापारी वर्ग को डिजीटल भुगतान के फायदे बताए जाएंगे तथा उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। उनके मोबाइल में एप डाऊनलोड किए जाएंगे। वहीं इसी मौके पर पी.ओ.एस. मशीन के फार्म भी भरे जाएंगे। इसके बाद बैंकों द्वारा जल्द से जल्द ये मशीनें उन्हें उपलब्ध करा दी जाएंगी।

 

उन्होंने सभी व्यापारी व दुकानदारों से आह्वान किया कि वे देश में अधिक से अधिक पारदर्शिता लाने के लिए डिजीटल भुगतान को अपनाएं। इस मौके पर कम से कम कैश प्रयोग करने की शपथ भी सभी व्यापारियों को दिलाएंगे।