नोटबंदी पर रामदेव बोले- हम तो वैसे ही कैशलैस हैं

12/10/2016 1:09:04 PM

कुरुक्षेत्र (धमीजा): योगगुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण जीवनभर युवा रहे हैं और युवाओं के लिए आदर्श हैं। युवाओं को श्रीकृष्ण की प्रेरणा से ज्ञान से परिपूर्ण और प्रतिभावान होना चाहिए। युवा मेहनती व कर्मशील बनें। युवा कर्मों को धर्म मानकर कत्र्तव्य का पालन करें। युवा अपने पुरुषार्थ और पराक्रम से अपनी तथा भारत की नई तस्वीर बना सकते हैं। प्रधानमंत्री द्वारा नोटबंदी और कैशलैस योजना पर स्वामी रामदेव ने कहा कि हम तो वैसे ही कैशलैस हैं। श्रीजयराम आश्रम में पत्रकारों से उन्होंने कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती आयोजन को हरियाणा सरकार का सराहनीय कदम बताया। 


उन्होंने कहा कि प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी विश्व की विशिष्ट हस्तियों से मिलते हैं तो गीता भेंट करते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के श्रीमुख से उत्पन्न गीता जीवन जीने का संदेश है। उन्होंने 2 दिन से अभिनेता रणबीर के साथ वीडियो वायरल होने के बारे में कहा कि उन्हें रणबीर के बारे में पता था। उसने डांस करने के लिए कहा तो मैंने कहा कि हमें डांस नहीं, ठोकना आता है। 

स्वामी रामदेव ने बताया कि उन्होंने रणबीर को उठा-बैठक कर उठा लिया था। उन्होंने बताया कि योग में ताकत है, भोग में नहीं। उन्होंने कहा कि हम तो भगवान के प्रतिरूप हैं और हमें कर्म करने का ज्ञान भी भगवान से मिला है। उन्होंने कहा कि धर्म का पालन करना ही योग है। इस अवसर पर स्वामी रामदेव ने जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी द्वारा देशभर में किए जा रहे समाजहित तथा आध्यात्मिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।