नोटबंदी पर नेता नवीन जयहिंद का सवाल, कोई मंत्री या DC लाइन में क्यों नहीं दिखता

12/8/2016 11:16:15 AM

गोहाना (अरोड़ा): भाजपा के कार्यालय काला धन को सफेद धन में बदलने के अड्डा और पार्टी कार्यकत्र्ता एजैंट बन गए हैं। बुधवार को यह आरोप आम आदमी पार्टी की हरियाणा इकाई के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने लगाया। 

उन्होंने सवाल किया कि आखिर भाजपा वालों से ही नए करंसी नोट क्यों बरामद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को भी आर.टी.आई. के दायरे में लाया जाना चाहिए। जयहिंद नोट बदलने में आम जनता को हो रही परेशानियों के खिलाफ हुए प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे।

नवीन जयहिंद ने तंज कसा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नोट बदलवाने की लाइन में लगने को देशभक्ति बता रहे हैं, तब उन्हें लाइनों में मरने वालों को शहीद का दर्जा भी देना चाहिए। 

उन्होंने सवाल किया कि आखिर कोई मंत्री, एम.पी., एम.एल.ए, डी.सी. या एस.पी. नोट बदलवाने के लिए बैंकों के आगे खड़ा क्यों नहीं दिखाई दे रहा है और उनकी नए नोटों की जरूरतें कैसे पूरी हो रही हैं। 

उन्होंने आशंका व्यक्त की कि जिस प्रकार से किसान बीमा योजना के नाम पर बैंक खातों से प्रीमियम जबरदस्ती काट लिया गया। ऐसे ही सब कुछ ऑनलाइन हो जाने के बाद मनमाने टैक्स और जुर्माने भोली-भाली जनता के खातों से काट लिए जाएंगे। 

आम आदमी पार्टी की हरियाणा इकाई के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी राजनीतिक दलों को भी आर.टी.आई. के दायरे में लाने की पक्षधर है, जिससे कि पब्लिक को उनकी आय और उसके स्रोतों को जानने का कानूनी हक मिल सके। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस को 80 प्रतिशत चंदा काला धन के रूप में मिलता है, जिससे दोनों प्रमुख दल आर.टी.आई. से बुरी तरह से खौफ खाती हैं। प्रदर्शन में विमल किशोर, सरोज बाला, अनिल तुषीर, अशोक गोयल, हैप्पी लोहिया, जयभगवान, मोहित वर्मा, अजय जांगड़ा, देवेन्द्र खत्री और कुलदीप कुमार ने भी भाग लिया।