गीता से निकल सकता है सब समस्याओं का हल: राजनाथ

12/11/2016 9:18:26 AM

कुरुक्षेत्र (धमीजा): केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भगवद गीता को जीवन के लिए आवश्यक बताते हुए कहा कि गीता का संदेश ही एकमात्र ऐसा रास्ता है जो विश्व में व्याप्त आतंकवाद व उग्रवाद जैसी समस्याओं से निकालने में सहायक सिद्ध हो सकता है। भारत ही ऐसा राष्ट्र है जो विश्व को आध्यात्मिकता का संदेश दे सकता है। राजनाथ आज अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के समापन कार्यक्रम में बोल रहे थे। 

उन्होंने कहा कि गीता बंधनों को तोडऩे वाला ग्रंथ है। प्रमुख धर्मों में से ऐसा कोई धर्म नहीं जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के भक्त न हों। उन्होंने कहा कि गीता से सब समस्याओं का हल निकल सकता है। राजनाथ ने हरियाणा सरकार को बधाई देते हुए कहा कि आज तक भारत में कहीं भी ऐसा महोत्सव देखने व सुनने में नहीं आया। 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि गीता, गंगा और गौमाता हमारी पहचान है। भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का जो संदेश दिया, उसकी लौ को विश्व में पहुंचाने के विचार से इस वर्ष गीता जयंती को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मनाने का निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम इस दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है कि 18,473 विद्यार्थियों ने 18 अध्यायों से 1-1 श्लोक का मंत्रोच्चारण किया। 

आज 25 देशों में एक साथ मंत्रोच्चार हुआ। स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि आज का दिन विश्व के लिए बड़े महत्व का दिन है। आज ही के दिन मार्गशीर्ष की शुक्ल एकादशी को भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन के माध्यम से मानवता को गीता का संदेश दिया था। यह कत्र्तव्यनिष्ठा और सद्भाव का गीत है।