न्यूजीलैंड में सिख युवक हत्या मामला: सरकारी खर्च पर लाया जाएगा शव

12/30/2016 11:36:06 AM

रानियां (वर्मा): विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की सकारात्मक पहल ने एक बार फिर भारतीयों का दिल जीत लिया है। सरकारी खर्च पर रानियां के युवक हरदीप सिंह का शव न्यूजीलैंड से भारत लाया जाएगा। विदेश मंत्री के आदेश पर शव को जल्द से जल्द देश लाने के लिए अधिकारियों ने सरकारी प्रयास भी तेज कर दिए हैं। भारतीय उच्चायुक्त के आश्वासन पर पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है और क्षेत्रवासियों ने विदेश मंत्री के इस कदम का सराहना की है। 

 

गौरतलब है कि 25 दिसम्बर की रात को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में रानियां निवासी 24 वर्षीय हरदीप सिंह की एक अज्ञात लड़की ने छुरा घोंप हत्या कर दी थी। बी.टैक. करने के बाद हरदीप सिंह स्टडी वीजा पर होटल मैनेजमैंट की पढ़ाई करने के लिए 7 मार्च, 2015 को न्यूजीलैंड गया था। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की कार्य प्रणाली से अत्यंत प्रभावित लोगों ने पीड़ित परिवार को विदेश मंत्री से सम्पर्क करने की सलाह दी। किसान परिवार सीधा विदेश मंत्री से सम्पर्क नहीं कर पाया। आखिरकार मित्र संबंधियों की सलाह पर पीड़ित परिवार के लोग सिरसा की उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ से मिले और सहायता की गुहार लगाई। 

 

उपायुक्त ने तत्काल विदेश मंत्रालय से सम्पर्क साधा और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से पीड़ित परिवार की बात भी करवाई। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पीड़ित परिवार को पूरी सहायता देने का आश्वासन दिया और तत्काल अपने मंत्रालय को आदेश भी दिए। कुछ ही घंटों में भारतीय उच्चायुक्त की ओर से पीड़ित परिवार व जिला प्रशासन को आदेश की ई-मेल प्राप्त हो गई। भारतीय उच्चायुक्त के अधिकारी संदीप सूद ने बताया कि हरदीप के शव को न्यूजीलैंड से भारत लाने का खर्च सरकार उठाएगी और शव को शीघ्र लाने के लिए न्यूजीलैंड उच्चायुक्त से बातचीत चल रही है।