तेज रफ्तार का कहर, सड़क हादसे में युवक की मौत

12/5/2016 1:23:11 PM

रेवाड़ी (वधवा): कोसली-नाहड़ रोड पर शनिवार रात कृष्णा पब्लिक स्कूल के समीप हुई सड़क दुर्घटना में एक कंपनी कर्मचारी की मौत हो गई। 

 

नाहड़ गांव के महेश कुमार के अनुसार वह बीती रात 10 बजे पर बाइक पर कोसली से गांव नाहड़ की ओर जा रहा था कि उसे सड़क के दूसरे किनारे पर एक बाइक व एक व्यक्ति पड़ा हुआ दिखाई दिया। समीप जाकर देखा तो उसका चचेरा भाई 48 वर्षीय रविन्द्र पुत्र खुशीराम बेहोशी की हालत में पड़ा था। उसके तुरंत परिजनों को सूचना दी तथा एक वाहन का प्रबंध कर उसे तुरंत आदित्य अस्पताल रेवाड़ी में ले जाया गया। लेकिन उसकी मौत हो गई। वह धारूहेड़ा की हीरो कंपनी में काम करता था।

 

इधर नगर के नारनौल रोड पर गांव टींट के बस स्टैंड के पास एक बाइक सवार इसी गांव के योगेंद्र कुमार को तीव्रगामी कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में वह गंभीर रूप घायल हो गया। उसे तुरंत लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत नाजुक बताई गई है। कार चालक फरार हो गया। 

 

इसी क्रम में नगर के राजीव चौक पर बीती रात 12 बजे तेज रफ्तार जा रही आल्टो कार असंतुलित हो कर एक पेड़ से जा टकराई। कार में 4 लोग सवार थे। लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। चारों को गंभीर चोटें लगी हैं।