पत्नी को जहर देकर की थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

12/3/2016 12:16:45 PM

सोनीपत: गांव पिनाना में पत्नी को जहर खिलाकर मारने के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पर कहासुनी के बाद महिला को जबरन जहर खिलाकर मारने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी गांव पिनाना निवासी जॉनी है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। 

 

उल्लेखनीय है कि गांव पिनाना निवासी सोनिया (25) को जहर खाने के चलते पी.जी.आई., रोहतक में भर्ती करवाया गया था। जहां पर उपचार के दौरान सोनिया की मौत हो गई थी। उसकी मौत के बाद 29 नवम्बर को सोनिया के भाई गांव ठसका निवासी सुनील ने उसकी बहन को जहर खिलाकर मारने का आरोप लगाया था। 

 

सुनील ने मोहाना थाना पुलिस को बताया था कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2012 में पिनाना निवासी जॉनी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसकी बहन को प्रताड़ित करने लगे थे। सुनील ने आरोप लगाया कि 27 नवम्बर को उसकी बहन की अपने पति जॉनी के साथ कहासुनी हुई थी। जिस पर जॉनी उसके पिता सुरेश व मां ने उसकी बहन को जबरन जहर खिला दिया था। जॉनी, ससुर नरेश व सास ने उसकी बहन को जहर दे दिया। जिसे उपचार के लिए खानपुर महिला मैडीकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते उसे पी.जी.आई., रोहतक रैफर किया गया था। जहां पर 29 नवम्बर को सोनिया ने दम तोड़ दिया था। पुलिस ने सुनील के बयान पर जॉनी, उसके पिता सुरेश व मां के खिलाफ  जहरखुरानी व हत्या का मामला दर्ज किया था।

 

मामले में कार्रवाई करते हुए मोहाना थाना प्रभारी निरीक्षक वीरभान की टीम ने आरोपी जॉनी को गांव पिनाना के पास से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वीरभान ने बताया कि महिला की जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया था। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।