पत्थर के नीचे दबने से पिता की मौत, बेटा घायल

12/11/2016 11:10:05 AM

बावल (रोहिल्ला): बावल के गांव राजगढ़ के साथ लगते राजस्थान के गांव कांकर में पहाड़ से मिट्टी निकालते समय भारी पत्थर निकल गए, जिससे पत्थरों के नीचे दबकर एक मजदूर की मौत हो गई जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद यहां की भाड़ावास चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। 

गांव कांकर में अवैध खनन का कार्य जोरों पर चल रहा है। शनिवार दोपहर 65 वर्षीय ईश्वर सिंह व उसका 18 वर्षीय बेटा आेमबीर उर्फ मटरू तथा अन्य मजदूर पहाड़ तोड़कर खनन का काम कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर से पत्थर खिसक गए और भारी-भरकम पत्थर पिता-पुत्र पर गिर गए। ईश्वर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आेमबीर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर ही लग रही जे.सी.बी. से पत्थर हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया। उन्हें लोगों ने बावल के अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे रेवाड़ी लाया गया है।