केंद्रीय रेलमंत्री प्रभु व CM खट्टर आज देंगे ट्रेन को झंडी

12/9/2016 8:33:51 AM

कुरुक्षेत्र (रणदीप रोड): अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव को लेकर चलने वाली एक्सप्रैस ट्रेन जो 6 दिसम्बर को आरंभ होनी थी लेकिन रेलमंत्री के न आने से नहीं चल सकी, अब 9 दिसम्बर को कुरुक्षेत्र से चलेगी जिसको रेलमंत्री सुरेश प्रभु व सी.एम. मनोहर लाल खट्टर दोपहर 1 बजे झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

संत और विद्वानों के सम्मेलन में 9 दिसम्बर को ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इसके साथ पुरुषोत्तमपुरा बाग के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। 10 दिसम्बर को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ब्रह्मसरोवर की महाआरती में भाग लेने आ रहे हैं। इससे पहले वह ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग कार्यक्रम में भाग लेंगे। 9 दिसम्बर को पुरुषोत्तमपुरा बाग में ही संत सम्मेलन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 

कार्यक्रम में केंद्रीय रेलमंत्री प्रभु, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह, राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्या डा. देवव्रत, वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, स्वामी ज्ञानानंद सहित अनेक संत-महात्मा पहुंचेंगे। अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती समारोह के समापन पर केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री मनोहर 10 दिसम्बर को 4:30 बजे पुरुषोत्तमपुरा बाग में होने वाले कार्यक्रम में पहुंचेंगे। इसके बाद समापन पर ब्रह्मसरोवर की महाआरती कार्यक्रम होगा। दीपदान और आरती के बाद पुरुषोत्तमपुरा बाग में अभिनेत्री हेमामालिनी का सांस्कृतिक द्रोपदी नृत्य कार्यक्रम होगा।