हरियाणा के कृषि मंत्री ने किसानों की मौत पर की विवादित टिप्पणी, सुरजेवाला ने रखी बर्खास्त करने की मांग

2/13/2021 8:37:21 PM

डेस्क: हरियाणा के कृषि कृषि मंत्री जेपी दलाल ने भिवानी में पत्रकारवार्ता के दौरान किसान आंदोलन में मरने वाले किसानों पर विवादित टिप्पणी कर दी। जिस पर अब कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कृषि मंत्री को कैबिनेट से बर्खास्त करने की मांग की है। 

रणदीप सिंह सुरजेवाला ने अपने ट्वीट में कहा कि आंदोलन में संघर्षरत अन्नदाताओं के लिए इन शब्दों का प्रयोग एक संवेदनहीन और संस्कारहीन व्यक्ति ही कर सकता है। शर्म, मगर इनको आती नहीं। पहले किसानों को पाकिस्तान व चीन समर्थक बताने वाले हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल को कैबिनेट से बर्खास्त किया जाना चाहिए।
 

 

बता दें कि केंद्रीय कृषि कानूनों की जानकारी देने के उद्देश्य से कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने आज भिवानी में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान ही उन्होंने किसान आंदोलन में मरे किसानों पर विवादित टिप्पणी की। आंदोलन के दौरान तकरीबन 200 किसानों की मौतों पर पत्रकार के एक सवाल पर दलाल ने कहा कि ये घर में होते तो भी मरते। उन्होंने कहा कि लाख-दो लाख में 200 नहीं मरते क्या? कोई हार्ट अटैक से मरा है, कोई बुखार से मरा है।

वहीं दलाल ने कहा कि नए कृषि कानून किसानों के पक्ष में हैं। जो किसान पुरानी मंडी व्यवस्था व एमएसपी को लेकर आशंकित है, उन्हे जरा भी घबराने की जरूरत नहीं हैं, क्योंकि पुरानी व्यवस्था पहले की तरह चलती रहेगी। नए कृषि कानून किसानों को एक बेहतर विकल्प देने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रयास है।

 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)   

Content Writer

Shivam