खातों से निकली राशि, उपभोक्ताओं ने बैंक में जमकर किया हंगामा

3/17/2017 9:23:58 AM

अंबाला(रमिंद्र):निकलसन रोड स्थित पंजाब नैशनल बैंक की ब्रांच में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब गत सुबह कई उपभोक्ता अपने खातों से हजारों की राशि निकलने की जानकारी देने के लिए पहुंचे। उनका कहना था कि उन्हें बुधवार शाम मोबाइल पर बैंक से हजारों की राशि निकलने के मैसेज आए। बैंक अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को समझाने का काफी प्रयास किया मगर उपभोक्ता शांत नहीं हुए। पुरुषों के साथ-साथ कई महिला खाताधारक भी मौके पर पहुंची जिनके अकाऊंट से राशि विड्रा हुई थी। यह राशि कैसे निकली फिलहाल इसको लेकर अब बैंक द्वारा अपने स्तर पर जांच आरंभ कर दी गई है। अभी यह माना जा रहा है कि सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी की वजह से यह दिक्कत हुई लेकिन शाम तक उपभोक्ताओं के खाते में राशि वापस नहीं हुई थी। 


बैंक में पहुंचे उपभोक्ता छावनी निवासी राजेश कुमार, विकास, साहिल, करनैल, विनित, विकास, रेणु, संजू, सुमित, अभिषेक व अन्य ने बताया कि उन्हें मोबाइल पर हजारों रुपए विड्रा होने का संदेश आया। यह संदेश पढ़कर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। किसी के खाते से 75,000 तो किसी खाते से 43,000 रुपए विड्रा होने का संदेश आया। उपभोक्ता बैंक की पासबुक तक लेकर पहुंचे। वीरवार को बैंक मैनेजर भी नहीं थे जिनकी अनुपस्थिति में एक अन्य बैंक अधिकारी राजेश मल्होत्रा ने उपभोक्ताओं से बातचीत की और उन्हें हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। 


कार्रवाई का नहीं मिला आश्वासन 
बैंक में हंगामा करने वाले उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें बैंक द्वारा सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन नहीं दिया जा रहा है। बैंक स्टाफ को नहीं पता कि राशि आखिरकार कैसे निकल गई। उन्होंने कहा कि बैंक को उपभोक्ताओं की राशि का ख्याल रखना चाहिए और अब उन्हें यह नहीं पता कि उनको यह राशि वापस भी मिल पाएगी या नहीं


अकाऊंट से इतनी निकली राशि 
राजेश कुमार   10,000
विकास           20,000
करनैल           10,000
विनीत            10,000
साहिल            10,000
विकास            24,000
रेणु                 43,000
माया              10,462
संजू                73,000
सुमित            20,000
अभिषेक जैन    70,000
पुष्पा              70,000
अनिता           16,000
शिखा             11,000
गुरबख्श सिंह   3920