लोकसभा के साथ ही होंगे हरियाणा विधानसभा चुनाव

4/16/2018 9:36:38 AM

चंडीगढ़(ब्यूरो): हरियाणा में विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनावों के साथ ही करवाए जा सकते हैं। इस बात को लेकर अभी तक असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। परंतु अब केंद्र सरकार ने चुनाव आयोग से 2 चरणों में दोनों चुनाव एक साथ करवाने की सलाह मांगकर संकेत दे दिया है कि दोनों चुनाव एक साथ ही होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बात पर जोर दिया था कि देश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ-साथ होने चाहिए।

इससे न सिर्फ बार-बार होने वाले चुनावों से छुटकारा मिल सकेगा बल्कि चुनाव करवाने पर होने वाले करोड़ों रुपए के खर्च में भी बचत होगी। इसके बाद नीति आयोग ने चुनाव आयोग को इस बात की सिफारिश की थी कि दोनों चुनाव एक साथ करवाए जा सकते है।

अब केंद्र सरकार के विधि आयोग ने चुनाव आयोग से सलाह मांगी है कि क्या वर्ष 2019 और वर्ष 2024 में दोनों चुनाव एक साथ करवाए जा सकते है। इन चुनावों को 2-2 चरणों में करवाने की बात की गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विधि आयोग की सिफारिश के बाद चुनाव आयोग को अपनी रिपोर्ट सरकार को देनी है। इसके बाद सरकार इस पर एक पुख्ता राय तैयार करेगी।

पुख्ता राय तैयार होने के बाद दोनों चुनाव एक साथ करवाने पर मोहर लग जाएगी। प्रदेश सरकार का कार्यकाल पूरा होने में करीब एक साल का समय शेष है। पहले सी.एम. मनोहर लाल खट्टर ने घोषणा की थी कि विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनावों के साथ ही करवाए जाएंगे। बाद में प्रदेश में बदलते घटनाक्रम को देखते हुए उन्होंने कहा था कि चुनाव अपने सही समय पर ही करवाए जाएंगे।

हालांकि सरकार और विपक्ष दोनों की तरफ से प्रदेश में विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू हो चुकी है। केंद्र सरकार ने जिस तरह चुनाव आयोग से राय मांगी है। उससे इस बात के संकेत मिले है कि केंद्र दोनों चुनाव एक साथ करवाने के मूड में है। अगर दोनों चुनाव एक साथ होते है तो प्रदेश में चुनावों का इंतजार और कम हो जाएगा। वहीं, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के अनुसार पार्टी चुनावों को लेकर पूरी तरह तैयार है। अगर साथ चुनाव कराने का निर्णय हुआ तो उसका स्वागत होगा।

Rakhi Yadav