खेलो इंडिया में 102 पदक हरियाणा के नाम, राज्यपाल ने किया खिलाड़ियों को सम्मानित (VIDEO)

3/21/2018 7:42:08 AM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): खेलो इंडिया में हरियाणा के 377 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर 38 स्वर्ण पदक सहित कुल 102 पदक प्राप्त कर देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इन खिलाड़ियों को राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी द्वारा सम्मानित किया गया। 

प्रथम खेलो इंडिया स्कूल गेम्स के हरियाणा के पदक विजेता खिलाडिय़ों के सम्मान में एक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन मंगलवार को राजभवन चंडीगढ़ में किया गया।

खेलो इंडिया में हरियाणा के 377 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर 38 स्वर्ण पदक सहित कुल 102 पदक प्राप्त कर देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले इन खिलाड़ियों को राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी द्वारा सम्मानित किया गया। पदक विजेताओं को शुद्ध चांदी का पदक व प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। 

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि किसी भी देश की स्थिति का आकलन उसकी शिक्षा, स्वाभिमान और जीवन मूल्यों से किया जा सकता है। स्वामी विवेकानन्द ने कहा था कि यह मनुष्य के अन्दर की प्रतिभा को निखारने के अवसर प्रदान करने से प्राप्त किया जा सकता है। 

भारत की आबादी का दो प्रतिशत से अधिक प्रतिनिधित्व करने वाले हरियाणा के 377 स्कूली छात्र-छात्राओं ने देश के विभिन्न राज्यों के 5000 से अधिक छात्र-छात्राओं के साथ भाग लेकर 102 से अधिक पदक जीतकर हरियाणा का नाम रोशन किया है।

इस अवसर पर उप‌स्थित मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज का दिन हरियाणा के लिए ऐतिहासिक व गौरव का दिन है। देशभर के खेल प्रतियोगिता में हरियाणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है, इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा स्पोर्टस हब के रूप में उभर रहा है। नई खेल नीति के तहत सभी को समान अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंडर-17 इस प्रतियोगिता के एक हजार छात्र-छात्राओं को आठ वर्ष तक पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी और हर वर्ष 1000 छात्र जोड़े जाएंगे।

Punjab Kesari