स्कूल की दीवार गिरने से मिस्त्री व महिला की मौत, 1 घायल

9/1/2017 11:15:06 AM

भिवानी(अशोक भारद्वाज): हनुमान ढाणी इलाके में गत शाम में स्कूल की दीवार की लिपाई करते वक्त दीवार ढह गई। दीवार के नीचे मिस्त्री द्वारका तथा उसके साथ काम कर रही महिला मजदूर रामरति दब गई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 1 व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल ले आई। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया। जानकारी के अनुसार हनुमान ढाणी इलाके में बैकुंठ धाम के समीप मिस्त्री द्वारका स्कूल की एक दीवार की लिपाई कर रहा था। अचानक बारिश आ गई और दीवार की लिपाई बह गई। उसके बाद मिस्त्री उसी दीवार पर दूसरी तरफ लिपाई करने लगा। उसके पास महिला मजदूर रामरति व पूर्ण नामक व्यक्ति भी मौजूद था। इसी दौरान दीवार ढह गई। दीवार ढहते ही दोनों उसके नीचे दब गए। 

आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे
धड़ाम की आवाज सुनकर पास पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और मिस्त्री व महिला मजदूर को निकाला गया। उस वक्त तक दोनों ने दम तोड़ चुके थे, जबकि पूर्ण गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।