3 महीने पहले कांग्रेस से कमजोर दिखने वाली भाजपा आज फिर से दिखने लगी मजबूत

11/13/2023 12:38:39 PM

चंडीगढ़(चंद्र शेखर धरणी): चुनाव की नजदीकियों के साथ ही प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों में भी लगातार बदलाव देखे जा रहे हैं। लगभग तीन माह पहले जो समीकरण पूरी तरह से कांग्रेस के पक्ष में खड़े नजर आ रहे थे, वह फिर से भाजपा को जीत दिलवाने पर मोहर लगा रहे हैं। प्रदेश में जहां लगातार भाजपा संगठन तथा सरकार सक्रिय हो चुकी है, वहीं पिछले लंबे समय से सक्रिय कांग्रेस पार्टी की गतिविधियों पर रुकावट सी नजर आ रही है। ऐसा लगने लगा है कि खुद कांग्रेस पार्टी के नेता ही नहीं चाहते कि कांग्रेस सत्ता में लौटे। क्योंकि आपसी फूट में इन सभी नेताओं को डर है कि कहीं उनसे बड़ा चौधरी (नेता) किसी दूसरे को ना घोषित कर दिया जाए। इसलिए सभी इस इंतजार में दिख रहे हैं कि पार्टी प्रदेश में मुख्यमंत्री के रूप में किसे अपना चेहरा बनाती है। अगर किसी अन्य की घोषणा हुई तो फिर ऐसी भी संभावनाएं हैं कि इन नेताओं का रुख पार्टी हित की बजाय पार्टी के विरोध में भी नजर आ सकता है।

हुड्डा के बराबर वजूद वाला कांग्रेस में कोई नहीं मौजूद

दरअसल भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की 10 साल तक मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभाली। जिस कारण से पूरे प्रदेश में कोई ऐसा वार्ड-मोहल्ला-गली नहीं जहां भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समर्थक नहीं हैं। प्रदेश के अधिकतर कांग्रेसी नेता भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पाले में खड़े नजर आते हैं। अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं की पकड़ अपने हलके या जिले में बेशक मजबूत हो सकती है, लेकिन कांग्रेस पार्टी में आज कोई भी ऐसा नेता मौजूद नहीं जो भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बराबर वजूद रखता हो। 2004 के विधानसभा चुनाव में हालांकि प्रदेश की जनता ने भजनलाल के चेहरे को देखते हुए कांग्रेस को दिल खोलकर वोट दिए थे। 90 में से 67 सीट कांग्रेस ने जीतकर एक बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया था, लेकिन पार्टी आलाकमान ने प्रदेश की बागडोर भजनलाल की बजाए चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सौंप डाली। हालांकि प्रदेश की जनता कांग्रेस के इस फैसले से काफी हताश- निराश और नाराज भी दिखी थी।

जनता के दिल-दिमाग पर 3 महीने पहले थी कांग्रेस 

एक कुशल राजनीतिज्ञ एवं सटीक कूटनीति के चलते भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने काफी कम समय में प्रदेश के लगभग सभी नेताओं को एक माला में पिरोने का काम किया। विपक्ष में काफी मजबूत स्थिति वाली इनेलो पार्टी के अधिकतर ताकतवर नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी में भी खूब आए। हुड्डा ने पार्टी के लिए खूब मेहनत भी की। जिसके फलस्वरुप 2009 में भी कांग्रेस ने हुड्डा के नेतृत्व में चुनाव जीतकर सरकार बनाई। पिछले 9 सालों से सत्ता से कांग्रेस पार्टी दूर है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा फिलहाल पिछले लगभग 4 सालों से नेता प्रतिपक्ष हैं। इस दौरान हुड्डा टीम ने खूब मेहनत की। जिसका फल भूपेंद्र सिंह हुड्डा को मिला भी। उनके पुत्र दीपेंद्र हुड्डा को राज्यसभा में भेजा गया और उनकी इच्छानुसार चौ. उदयभान को संगठन में प्रदेश अध्यक्ष के पद से नवाजा गया, लेकिन कुछ समय से हुड्डा को साइडलाइन करने की नीति कांग्रेस को लगातार कमजोर कर रही है। हालांकि हुड्डा के विरोध में पार्टी के नेता कुमारी शैलजा - रणदीप सुरजेवाला और किरण चौधरी काफी मजबूत हुए हैं। जिसका सीधा असर पार्टी पर पड़ने लगा है। 3 महीने पहले जो कांग्रेस प्रदेश की जनता की जुबान- दिल और दिमाग पर राज कर रही थी, आज वही जगह फिर से भारतीय जनता पार्टी की बनती नजर आ रही है।

धनखड़ जाट वर्ग को जोड़ने में नहीं हो पाए कामयाब 

भाजपा द्वारा हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नायब सिंह सैनी को चुनना भी पार्टी के लिए काफी लाभकारी नजर आने लगा है। ऐसा लगने लगा है कि पार्टी ने सही समय पर तूरूप का इक्का निकाल कर सबको चित करने का काम किया हो। लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश संगठन की कमान ओमप्रकाश धनखड़ को दे रखी थी। हालांकि धनखड़ पार्टी के प्रति पूर्णतः समर्पित सिपेसलार हैं। लंबे अनुभव वाले धनखड़ के समय में भारतीय जनता पार्टी ने कई कामयाब कार्यक्रमों का आयोजन किया। बावजूद इसके जाट चेहरा होने की वजह से भाजपा को बहुत कम पसंद करने वाले जाट वर्ग को वह पार्टी से बहुत अधिक जोड़ने में नाकामयाब साबित हुए हैं। जाट होने की वजह से गैर जाट भी उनसे अधिक नहीं जुड़ पाए। यह चुनावी वर्ष है और छोटी सी पार्टी की चूक एक बड़े नुकसान का कारण बन सकती थी। 

जीटी बेल्ट को तवज्जो देकर भाजपा ने की मजबूत किलेबंदी

भाजपा को दो बार सत्ता में लाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण साबित होने वाली जीटी रोड बेल्ट पर लगातार कांग्रेस- आम आदमी पार्टी और इनेलो की सक्रियता बढ़ रही थी। जीटी बेल्ट लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी की पेट वोटर रही है। इस बेल्ट पर बैकवर्ड और पंजाबी भाषी वोटरों की एक बहुत बड़ी संख्या मौजूद है जो कांग्रेस को जीत दिलवाने में हमेशा कारगर साबित हुई। 2014 के चुनाव में चल रही लहर के चलते मोदी के नाम पर हरियाणा में भाजपा को जीटी रोड बेल्ट ने उम्मीद से अधिक सीटें जितवाई थी। 2019 में भी 40 सीट जीतने वाली भाजपा की लाज जीटी रोड बेल्ट ने ही बचाई। अब इसमें सेंधमारी का डर भाजपा को लगातार शायद सता रहा था। इसी कारण से नायब सिंह सैनी जो जीटी रोड पर मौजूद कुरुक्षेत्र से संबंध रखते हैं, उन्हें संगठन की जिम्मेदारी सौंप दी गयी। जीटी रोड बेल्ट तो उनकी राजनीतिक कर्मभूमि है ही, साथ ही उनके ओबीसी वर्ग के होने के कारण पिछड़े व अति पिछड़े वर्ग के लोग भी भाजपा के इस फैसले को अपने सम्मान के रूप में देखेंगे। जिसका बहुत बड़ा लाभ भाजपा को होना लगभग तय माना जा रहा है। कुरुक्षेत्र के साथ लगते जिले अंबाला में प्रदेश के गृह- स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज एक कद्दावर नेता है। जिन्हें अजय कहा जाए तो गलत नहीं होगा। न केवल अपने विधानसभा क्षेत्र या जिला बल्कि आसपास के कई जिलों या यूं कहें कि पूरे हरियाणा में ही उनका बहुत बड़ा अपना निजी प्रभाव है। वहीं जीटी रोड पर मौजूद करनाल से खुद मुख्यमंत्री चुनाव लड़ते हैं यानि जीटी रोड बेल्ट को अधिक से अधिक तवज्जो देकर एक मजबूत किलेबंदी की तैयारी भाजपा ने की है।

दलित- पिछड़ों के हितेषी होने का दावा करने वाले नेताओं के मुंह पर भाजपा ने जड़ा ताला

ओबीसी वर्ग से नायब सिंह सैनी आरएसएस की कार्य शैली में लंबे समय तक सक्रिय रहे और फिर संगठन के भी विभिन्न पदों पर काम करने के बाद उन्हें पार्टी ने पहले विधायक, फिर सांसद और अब प्रदेश संगठन के मुखिया के रूप में सम्मान दिया है। संगठन में कार्य करने का उनके पास लंबा अनुभव है। बेहद मधुरभाषी तथा मजबूत बुद्धिमत्ता के मालिक सैनी का प्रभाव अपने समाज के साथ-साथ ओबीसी व दलित वर्ग में काफी मजबूत है। प्रदेश में कई बार ओबीसी वर्ग को बरगलाने के लिए कई नेताओं द्वारा तमाम तरह की कोशिशें की जाती रही हैं। मंचों से अपने को ओबीसी वर्ग के सबसे बड़े हितेषी के रूप में प्रस्तुत किया जाता रहा है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा सैनी को मैदान में उतारना एक गेम चेंजर के रूप में दिखने लगा है।  ओबीसी वर्ग के कथित हितेषी ऐसे नेताओं के मुंह बंद करने का काम भाजपा के इस फैसले ने किया है। आज नायब सिंह सैनी के प्रदेश में चल रहे दौरों में छोटी-छोटी जनसभाओं-कार्यक्रमों में भारी भीड़ का जमावड़ा तथा उनके स्वागत रूपी भावों को देखकर यह साफ नजर आने लगा है कि भाजपा को इस फैसले का एक बहुत बड़ा लाभ हो सकता है। 2014 से पहले जो ओबीसी-बीसी तथा पंजाबी वर्ग पूरी तरह से कांग्रेस के पक्ष में खड़ा नजर आता रहा है, जिनके दम पर कांग्रेस सदा राज करती रही है, आज लगभग इस पूरे वर्ग को भाजपा ने अपने पक्ष में खड़ा कर लिया है। नायब सिंह सैनी को संगठन की जिम्मेदारी सौंपने का लाभ भाजपा को पूरे प्रदेश में होना लगभग तय है।

तुलनात्मक अध्ययन करने वाली जनता आज भाजपा के प्रति रखती है झुकाव

वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने लगातार सरकारी तिजोरी खोलकर हर वर्ग को रिझाने की कोशिश शुरू कर दी है। चाहे सरकारी कर्मचारियों की बात करें या फिर व्यापारियों- मजदूरों की, हर व्यक्ति के लिए दिल खोलकर पैसा प्रदेश के मुख्यमंत्री लुटा रहे हैं। कुछ समय पहले राशन कार्ड बंद होने से नाराज जनता को सरकार द्वारा जहां बड़ी संख्या में नए राशन कार्ड बनाकर राहत प्रदान की गई, वहीं हर इन राशन कार्डों पर सरसों के तेल इत्यादि मिलने से प्रदेश की गरीब जनता सरकार की वाहवाही करती नजर आ रही है। लगातार प्रदेश के मुख्यमंत्री जन संवाद कार्यक्रम के तहत लोगों की जहां समस्याएं स्वयं दूर कर रहे हैं, वहीं उनके विधायक- सांसद भी मैदान में पूरी सक्रियता से उतरे हुए हैं। प्रदेश की जनता जो कुछ समय पहले तुलनात्मक अध्ययन करके वोट देने की बात कह रही थी या फिर यूं कहें कि जिसका मन 50-50 फ़ीसदी कांग्रेस और भाजपा से जुड़ा हुआ था, वह अब भाजपा के प्रति कुछ अधिक झुकाव वाला नजर आने लगा है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Saurabh Pal