इंतजार खत्म:हरियाणा बोर्ड 12वीं कंपार्टमेंट परीक्षा का रिजल्ट जारी, एक क्लिक में देखें पूरी डिटेल

punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 09:30 AM (IST)

भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने अक्तूबर 2026 में आयोजित सीनियर सेकेंडरी शैक्षिक और मुक्त विद्यालय पूरक परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। परीक्षार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर अपना परिणाम देख और डाउनलोड कर सकते हैं।

इसके लिए अनुक्रमांक अथवा नाम, पिता का नाम, माता का नाम और जन्मतिथि के आधार पर परिणाम देखा जा सकता है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. शंकर लाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि सीनियर सेकेंडरी शैक्षिक पूरक परीक्षा का परिणाम 68.32 प्रतिशत रहा। परीक्षा में परीक्षार्थी 4932 उत्तीर्ण हुए और 2044 की कंपार्टमेंट आई है। परीक्षा में 4903 छात्रों ने भाग लिया, जिनमें से 3372 उत्तीर्ण हुए। छात्रों का पास प्रतिशत 68.77 रहा। वहीं, 2316 छात्राओं में से 1560 पास हुई। छात्राओं का पास प्रतिशत 67.36 रहा। जिलावार परिणाम में सिरसा 88.19 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि महेंद्रगढ़ 50 प्रतिशत के साथ सबसे निचले पायदान पर रहा।

बोर्ड अधिकारियों ने बताया कि सीनियर सेकेंडरी मुक्त विद्यालय पूरक परीक्षा का परिणाम 52.10 प्रतिशत रहा। इसमें कुल 12864 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें से 6702 उत्तीर्ण हुए और 6162 की री-अपीयर आई है। परीक्षा में शामिल 8517 छात्रों में से 4262 पास हुए। उनका पास प्रतिशत 50.04 रहा। वहीं, 4347 छात्राओं में से 2440 उत्तीर्ण हुई। छात्राओं का पास प्रतिशत 56.13 रहा।

मुक्त विद्यालय परीक्षा के जिलावार परिणाम में पंचकूला 71.83 प्रतिशत के साथ प्रथम रहा, जबकि चरखी दादरी 27.91 प्रतिशत के साथ सबसे पीछे रहा। बोर्ड ने बताया कि परीक्षार्थी परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन के भीतर उत्तरपुस्तिका की पुनर्जाच या पुनर्मूल्यांकन के लिए निर्धारित शुल्क के साथ बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static