कैबिनेट मीटिंग में बजट सत्र को लेकर क्या हुआ फैसला ? विज की नाराजगी पर नायब सैनी की दो टूक
punjabkesari.in Tuesday, Feb 04, 2025 - 02:57 PM (IST)
डेस्कः आज सीएम नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक हुई। बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि आज कैबिनेट बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ फैसलों पर मंत्रिमंडल की मुहर लगी है और कुछ फैसले सीएम के ऊपर छोड़े गए हैं।
आढ़तियों को 3.10 करोड़ की राशि मंजूरी
सीएम सैनी ने कहा कि आढ़तियों की शिकायत मिली थी कि रबी के खरीद सीजन 2024-25 में उन्हें बहुत नुकसान हुआ है। इसलिए हमने वन टाइम राहत देने का ऐलान किया था, जिसे देखते हुए आढ़तियों को 3.10 करोड़ की राशि दी जाएगी। इसे कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है।
इसके अलावा ग्राम साझा भूमि विनियमन अधिनियम 1961 में संशोधन को अनुमति दी गई है। पंचायत भूमि पर जिसका भी 20 वर्ष से पुराना मकान बना है, उन्हें कलेक्टर रेट पर मालिकाना हक दिया जाएगा। इसके तहत 500 वर्ग गज तक की जमीन दी जा सकेगी। इसके अलावा हरियाणा वन्य जीव सुरक्षा अधिनियम-2024 को मंजूरी दी गई है, जिसमें परमिट प्राप्त करने के लिए मानदंड निर्धारित किए गए हैं।
बजट को लेकर बोले सीएम सैनी
हरियाणा बजट को लेकर सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि बजट सेशन पर कैबिनेट में चर्चा हुई। सुविधा के अनुसार तारीख तय करेंगे। इसके लिए कैबिनेट ने सीएम को अधिकार दिए हैं। हमारी पार्टी निकाय चुनावों के लिए तैयार है।
रेल बजट को लेकर अश्विनी वैष्णव का आभार जताया
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं पीएम नरेन्द्र मोदी का आभार जताता हूं। 823 किलोमीटर रेलवे ट्रैक का काम पूरा हुआ। देश में खिलौना निर्माण के उद्योग को बढ़ावा दिया जाएगा। हरियाणा के रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी। हरियाणा में रेल के लिए 3416 करोड़ का बजट दिया है। इसके लिए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। हरियाणा को 11 गुना पैसा बढ़ाकर दिया गया। उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा में बिछाया रेलवे का जाल बिछाया और विपक्ष मोटा चश्मा पहना हुआ है।
सीएम ने की केंद्रीय बजट की तारीफ
मुख्यमंत्री सैनी ने केंद्रीय बजट की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट सबके विकास का बजट है। सीएम ने कहा कि भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए ये अहम बजट है। केंद्रीय बजट समावेशी बजट है। केंद्रीय बजट आर्थिक रूपांतरण का आधार बनेगा। केंद्रीय बजट भारत के समग्र विकास के लिए उपयोगी है। बजट से विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी। वहीं, बजट को लेकर सीएम ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस बजट में मध्य वर्ग को बड़ी राहत मिली है। 12 लाख तक की आय पर कोई टैक्स नहीं देना होगा।
पीएम धन-धान्य योजना की शुरुआत
सीएम ने कहा कि पीएम धन-धान्य योजना की शुरुआत की। बजट में किसानों के लिए भी अहम फैसले लिए गए। किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाई गई। इस बजट से हरियाणा को काफी लाभ होगा। MSME के क्षेत्र में लोन गारंटी बढ़ाई गई। इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई बड़े फैसले लिए हैं। व्यापारियों के लिए बजट में कई प्रावधान दिए गए। सरकार ने सोशल वेलफेयर सरचार्ज हटाने का प्रस्ताव रखा।
गरीब लोगों को मिल रहा आयुष्मान कार्ड का लाभ
सीएम सैनी ने कहा कि आयुष्मान कार्ड से गरीब लोगों को लाभ मिल रहा है। हरियाणा में भी लोगों को योजना का लाभ मिल रहा है। 19 से 20 लाख लोगों ने योजना का लाभ लिया। आयुष्मान के तहत अस्पतालों को पैसा दे रहे हैं। दिल्ली के लोग आयुष्मान योजना से वंचित हैं। मोहल्ला क्लीनिक में सिर्फ फर्स्ट एड की सुविधा है।
अनिल विज की नाराजगी को लेकर बयान
हरियाणा CM नायब सैनी ने पहली बार अनिल विज की नाराजगी को लेकर बयान दिया है। सीएम ने कहा कि अनिल विज नाराज नहीं हैं। हम कैबिनेट मीटिंग में एक साथ थे। डिपार्टमेंट की मीटिंग भी की। इसके साथ परिवहन मंत्री की ओर से दिए बयान पर सीएम सैनी ने कहा कि ये विज का अधिकार है। वह हमें सचेत कर सकते हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)