हरियाणा के किसानों के भी कर्जे तुरंत माफ करे भाजपा सरकार: अभय

4/5/2017 10:21:58 AM

चंडीगढ़ (संघी):इनैलो ने भाजपा सरकार से हरियाणा के किसानों के साथ भेदभाव न करने व उनके भी तमाम कर्जे तुरंत माफ किए जाने की मांग की है। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा वहां के 2.15 करोड़ किसानों के एक लाख रुपए तक के फसली कर्जे व 7 लाख किसानों के एन.पी.ए. कर्जे माफ किए जाने के फैसले पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि हरियाणा में भी भाजपा की सरकार है व भाजपा को हरियाणा के किसानों के साथ भेदभाव वाली नीति नहीं अपनानी चाहिए तथा तुरंत किसानों सहित गरीब, मजदूरों, अनुसूचित जाति व पिछड़े वर्ग सहित कमेरे वर्ग सहित सभी लोगों के कर्जे अविलम्ब माफ करने चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में किसानों की हालत बेहद खराब है व सरकार द्वारा किसानों के साथ किए गए वायदे पूरे न करने से किसान निरंतर कर्जे के बोझ तले दबा जा रहा है और कर्जे में डूबे किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। ऐसे में हरियाणा की भाजपा सरकार को प्रदेश के किसानों व कमेरे वर्ग को कर्जे के बोझ से उभारने के लिए तुरंत उनके तमाम कर्जे माफ करने चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय चौधरी देवी लाल ने वर्ष 1987 में हरियाणा का मुख्यमंत्री बनते ही प्रदेश के किसानों व गरीब वर्गों के कर्जे माफ किए थे और फिर 1989 में देश का उपप्रधानमंत्री बनकर पूरे देश के किसान, मजदूर, दलित, पिछड़े, कमजोर, गरीब व कमेरे वर्ग के लोगों के कर्जे माफ करके उन्हें राहत प्रदान की थी।