CM ने टीम बनाकर सोशल मीडिया पर हर विभाग को सक्रिय करने के दिए आदेश

5/15/2017 10:23:56 AM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरनी):केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज और सुरेश प्रभु जैसे सोशल मीडिया का प्रयोग कर शिकायतों व समस्याओं का निवारण कर रहे हैं, वैसे ही हरियाणा सी.एम.ओ. भी करने जा रहा है। हरियाणा सरकार के इंटीग्रेटिड सोशल मीडिया ग्रीवांसिस ट्रैकर (आई.एस.एम.जी.टी.) का शुभारंभ 15 मई को सभी जिलाधीशों और प्रमुख अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रैंस के साथ किया जाएगा। सी.एम. के अतिरिक्त सचिव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। 

गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर खट्टर सरकार की परफॉर्मंस रिपोर्ट से राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रधानमंत्री नाखुश हैं। सूत्रों के अनुसार सोशल मीडिया को लेकर करवाए एक सर्वे में हरियाणा नीचे से दूसरे नंबर रहा था। दिल्ली के तल्ख तेवर के बाद खट्टर सरकार ने नवरत्नों की टीम बनाकर सोशल मीडिया पर हर विभाग को सक्रिय करने के लिए कहा। लगभग अढ़ाई वर्षों में सोशल मीडिया पर फ्लॉप रही खट्टर सरकार अब जनता के लिए इसे वरदान के रूप में बनाने को लेकर सक्रिय है। वहीं, पी.एम.ओ. का वर्किंग स्टाइल कॉपी करने का प्रयास भी हो रहा है। मुख्यमंत्री खट्टर के साथ बातचीत करने और विभागों की सेवाओं में सुधार के लिए ट्विटर और फेसबुक यूजर्स को इनवाइट भेजने वाला हरियाणा पहला राज्य बनने जा रहा है। सी.एम.ओ. में यह स्टेट लैवल नोडल ऑफिसर की मॉनिटरिंग में काम करेगा जबकि जिला स्तर पर सिटी मैजिस्ट्रेट नोडल अधिकारी होंगे। सभी नोडल अधिकारियों को अपनी आधिकारिक आई.डी. भी बनानी होगी।

ये अधिकारी होंगे टीम में 
सूत्रों के अनुसार सोशल मीडिया को जनहित व शिकायत निवारण के रूप में सक्रिय करने के लिए हरियाणा सचिवालय की 9वीं मंजिल पर कक्ष तैयार किया जा रहा है। सी.एम. के ओ.एस.डी. स्तर के दो अधिकारियों को सक्रिय किया गया है। सी.एम. के प्रधान ओ.एस.डी. नीरज दफ्तयार, भूपेश्वर दयाल (शिकायत निवारण) के अलावा सी.एम. विंडो का काम देख रहे मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव राकेश गुप्ता और आई.टी. कंसल्टैंट ध्रुव बुद्धप्रिय बजाज के अलावा कई अधिकारियों को टीम में शामिल किया गया है।

सीधी जवाबदेही सुनिश्चित 
आई.एस.एम.जी.टी. में जो शिकायतें मिलेंगे, उनमें से रोजमर्रा वाली जैसे पानी, बिजली व आम जनता से जुड़ी शिकायतों को तुरंत हल करवाकर स्टेटस अपडेट करने का प्रावधान किया गया है। सभी अधिकारियों और विभागों की सीधी जवाबदेही सुनिश्चित की गई है। एक्शन टेकन रिपोर्ट न आने पर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। सूत्रों के अनुसार ब्लॉक, उपमंडल व जिलास्तर पर जिलाधीश व पुलिस अधीक्षक स्तर पर जवाब तलब किया जाएगा। विभागों में डायरैक्टर लेबल पर जवाब देगी तय की जा सकती है।

ओ.एस.डी. भूपेश्वर दयाल मुख्यमंत्री सोशल मीडिया के माध्यम से जन समस्यायों के निवारण पर पूर्णत: केंद्रित कर रहे हैं। पहले भी खुद ट्वीटर पर तुरंत हल करने के आदेश देते रहे हैं। हाई टैक तरीकों से जनसमस्याओं के निवारण पर भाजपा सरकार पहले ही पूरी तरह सजग है। पी.एम. मोदी के दिखाए मार्ग पर और सक्रिय होने जा रहे हैं। सी.एम. की ओर से शुरू की गई सी.एम. विंडो के भी सार्थक परिणाम आएं हैं। सोशल मीडिया भी जनता से संवाद का सीधा माध्यम है।

कोषाध्यक्ष तरुण भंडारी ने कहा कि भाजपा अपने लाभ के लिए सरकारी पैसे का दुरुपयोग कर रही है। सोशल मीडिया से वाहवाही लूटने की बजाय खट्टर सरकार अगर जन हित के कार्यों में अपना ध्यान लगाए तो बेहतर रहेगा। सी.एम. विंडो हरसमय जैसे पोर्टल केवल खानापूर्ति का साधन बन चुके हैं। भाजपा के अंदर घमासान मचा हुआ है। विधायक और मंत्री सरकार से खफा हैं उनके लिए भी सोशल मीडिया पर एक साईट सरकार को बनानी चाहिए।