पंचकूला पहुंचे हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अशोक तंवर का बड़ा बयान

3/5/2018 4:46:19 PM

पंचकूला(उमंग श्योराण):  पंचकूला पहुंचे हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अशोक तंवर ने भाजपा सरकार को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए अयोध्या राम मंदिर का मुद्दा उठाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राम मंदिर मामले में श्री श्री रविशंकर ने बयान दिया था कि इस विवाद को अदालत के बाहर ही आपसी बातचीत से हल करने की कोशिश करनी चाहिए। साथ ही कहा कि अगर राम मंदिर मामला नहीं सुलझा तो भारत सीरिया बन जायेगा।

वहीं, भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए तंवर ने कहा कि अगर ये मामला ऐसे ही सुलझना होता तो इसमें 27 साल नहीं लगते। उन्होंने कहा कि हमें हर वर्ग और समुदाय की भावना की कद्र करनी चाहिए। जबकि भाजपा हमेशा से ही धर्म का सहारा लेती आई है।

अपनी साइकिल यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि हमारी इस यात्रा का उद्देश्य भी यही है कि जातिवाद और साम्प्रदायिकता से हरियाणा और इस देश को बचाया जा सकें। पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के चुनावी ऐलान को लेकर कहा कि पहले तो उनके चुनाव लड़ने की योग्यता पर ही फैसला होना बाकी है। इसके बाद वो जहां से भी लड़ेंगे हार का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला की कांग्रेस को तीर्थ यात्रा करने की नसीहत देने को लेकर कहा कि तीर्थ यात्रा पर तो हरियाणा की जनता उन्हें भेजेगी। साथ ही कहा कि जींद की रैली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह खुद पिंड दान करने के लिए आए थे। जो पिंड दान एक साल बाद करना था वो पिंड दान एक साल पहले ही कर दिया और अब सुभाष बराला और मनोहर लाल खट्टर तीर्थ यात्रा करेंगे। तंवर की साइकिल यात्रा आज कालका से शुरू होकर चंडीगढ़ स्थित विधानसभा घेराव के लिए पंचकूला पहुंची थी।