हरियाणा की बेटी सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम ए में करेगी भारत का प्रतिनिधित्व

3/6/2022 11:37:18 AM

चंडीगढ़ (चन्द्रशेखर धरणी): पी यू की छात्रा पानीपत की बेटी मुदिता जागलान सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम ए में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।जी हां, भले ही पुराने जमाने में बेटी को बोझ और घर के एक दायरे में ही सीमित रखने की परंपरा रही है। लेकिन बदलते समय ने बेटी की काबिलियत और ताकत को पहचाना है और बेटियों ने भी समय-समय पर हर क्षेत्र में अपनी ताकत का लोहा मनवाया है। हरियाणा कन्याभ्रूण हत्या के लिए हमेशा कलंकित प्रदेश रहा है। लेकिन बदलती सोच और सरकारों के अथक प्रयासों ने आज इस सोच को पूर्ण रूप से बदल दिया है। आज प्रदेश की बेटियों ने हर क्षेत्र में समाज को अपनी ताकत का एहसास करवाया है।

पानीपत जिले की पहली युवती  मुदिता जागलान सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम ए के लिए अब राष्ट्रीय महिला टीम में खेलती नजर आएगी। मुदिता जागलान का आज ही सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम ए में सलेक्शन होने की खबर आते ही  इनके कस्बे इसराणा में इनके परिवार व शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।मुदिता जागलान पानीपत जिले की पहली ऐसी युवती है जिसने अपनी कड़ी मेहनत व लग्न से भारतीय टीम में स्थान बनाया है। मुदिता के पिता नरेंद्र सिंह जागलान दिल्ली पुलिस के कर्मचारी हैं और बेटी के खेल को देखकर न केवल नरेंद्र सिंह जागलान बल्कि पूरा जिला अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहा है। कोच आजाद मलिक ने बताया कि मुदिता पढ़ाई के क्षेत्र में अव्वल होने के साथ-साथ हॉकी की एक होनहार खिलाड़ी हैं और जूनियर व सीनियर टीम में भाग लेती रही हैं और मिडफील्ड पर खेलती हुई कई बार हारे हुए मैच में भी विजय दिलवा चुकी हैं।

जो कि एक दिन देश का नाम रोशन अवश्य करेंगी। मुदिता ने कहा कि पिता नरेंद्र सिंह ने हमेशा बेटे की तरह उन्हें पाला है और समाज-प्रदेश और देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी है। पिता दिल्ली पुलिस में कर्मचारी हैं और जिस प्रकार से वह अपने कार्य को बड़ी लगन और ईमानदारी से करते हैं। उन्हीं से प्रेरणा लेते हुए मैं भी अपने हर काम को चाहे शिक्षा हो या खेल इमानदारी और मेहनत से करती हूं। पिता का सम्मान हमेशा सर्वोपरि है और एक दिन देश का नाम जरूर रोशन करूंगी।

मुदिता जागलान सातवी कक्षा में पानीपत के आर्य गर्ल्ज पब्लिक स्कूल की जब स्टूडेंट थी तब वहां हॉकी के कोच संजीव त्यागी थे।संजीव त्यागी ने मुदिता के पिता नरेंद्र सिंह जागलान को इसे हॉकी खेलने के लिए कहा। मुदिता जागलान अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय हिसार में उनके हॉकी कोच आजाद मलिक व हॉकी फेडरेशन के महासचिव सुशील मलिक को देती है। यह आजकल पँजाब यूनिवर्सिटी की छात्रा हैं।  पानीपत के इसराना की बेटी  मुदिता जागलान ने अनेको गोल्ड व सिल्वर मेडल अतीत में जीतें हैं।यह जूनियर हॉकी टीम की कोच भी रहीं है।


 

Content Writer

Isha