Haryana : आंगनबाड़ी में बांटी जा रही Expired मूंगफली, मासूमों की सेहत से खिलवाड़, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल...
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 05:40 PM (IST)
फरीदाबाद (अनिल राठी) : हरियाणा के फरीदाबाद से बच्चों के पोषण आहार से खिलवाड़ करने का बड़ा मामला सामने आया है। सरकार की ओर से बच्चों के बेहतर पालन-पोषण, पोषण आहार और प्रारंभिक शिक्षा के लिए आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जाते हैं। इन केंद्रों पर बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ पौष्टिक भोजन भी उपलब्ध कराया जाता है। फरीदाबाद के एनआईटी क्षेत्र से जो तस्वीर सामने आई है, उसने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आरोप है कि यहां बच्चों को खराब और एक्सपायरी डेट की मूंगफली दी जा रही है। आप वीडियो में देख सकते हैं कि मूंगफली में कीड़े घूमते देखे जा रहे हैं जिससे बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आंगनबाड़ी में बच्चों को दिए जा रहे मूंगफली की एक्सपायरी डेट निकल चुकी होती है जिसके चलते परिजनों को वह सामान कूड़ेदान में फेंकना पड़ता है।
अधिकारी समय-समय पर केंद्रों का निरीक्षण नहीं करते, जिससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मनमानी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से अच्छा और पौष्टिक राशन भेजा जाता है, लेकिन स्थानीय स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है। उनका कहना है कि अगर समय पर जांच हो तो सच्चाई सामने आ सकती है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से नहीं खुलता, जिससे बच्चों की पढ़ाई और पोषण दोनों प्रभावित हो रहे हैं लोगों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण कर खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
जांच में लापरवाही हुई तो होगी सख्त कार्रवाई : मंजू श्योराण
वहीं इस मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी मंजू श्योराण ने कहा कि उन्हें इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच के लिए टीम गठित की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जो भी कमियां हैं उन्हें तत्काल प्रभाव से दूर कराया जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)