महंगाई डायन ने किया जीना दुश्वार : तंवर

9/25/2017 10:05:21 AM

फरीदाबाद (सूरजमल): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने महंगाई के मुद्दे पर सरकार पर हमला बोला। पैट्रोल-डीजल के दामों में हुई वृद्धि से आहत तंवर ने गुडईयर चौक से बल्लभगढ़ अनाज मंडी तक बैलगाड़ी पर सवार होकर सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। इस अनोखे प्रदर्शन में उनके साथ कार्यकर्ता भी मौजूद थे जिन्होंने सरकार विरोधी नारे लगाए।

तंवर ने कहा कि सरकार पूरी तरह से फेल साबित हो रही है। बढ़ती महंगाई ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। हालात यह हैं कि गरीब आदमी को दो जून की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो गया है। हाल ही में पैट्रोल-डीजल के दामों में की गई बेतहाशा वृद्धि ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। वहीं जी.एस.टी. ने व्यापारियों को सड़क पर ला खड़ा किया है। सरकार की न नीति ठीक है और न नीयत। इसके उपरांत तंवर ने बल्लभगढ़ की अनाज मंडी में सभा को भी सम्बोधित किया, जिसमें उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार के प्रति लोगों के बढ़ते आक्रोश से साफ है कि लोग भाजपा सरकार से पूरी तरह खफा हैं। आज देश कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी में विश्वास व्यक्त करने को तैयार है। बस इंतजार है चुनावी समर का।