आसमान से बरसने लगी आग, 41डिग्री सैल्सियस के पार पहुंचा पारा

4/15/2017 1:47:48 PM

फतेहाबाद:आसमान से आग बरसने लगी है। इसके कारण जनजीवन बेहाल है। सूर्योदय के साथ ही लोगों को गर्मी झेलनी पड़ रही है। मौसम विभाग की मानें तो इस बार गर्मी का प्रचंड तेवर रहेगा। स्थिति यह है कि बैसाख में ही जेठ जैसी गर्मी पड़ रही है। बिजली की आंख मिचौली ने परेशानी को और बढ़ा दिया है। पानी की सप्लाई में भी कटौती हो गई है। एच.ए.यू. स्थित मौसम विभाग के अनुसार अभी तक गर्मी से राहत के कोई आसार नजर नहीं आ रहे। शनिवार को भी मौसम का तेवर तल्ख रहेगा। शनिवार को न्यूनतम तापमान 24 और अधिकतम 41 डिग्री सैल्सियस होगा। यह स्थिति लगातार बनी रहेगी। गर्मी के मौसम में खासकर डायरिया और डिहाइड्रेशन की शिकायत सबसे अधिक होती है। इससे बचने के लिए सबसे बेहतर उपाय है कि बासी और चिकनाई युक्त खाने से परहेज करें। अगर घर से बाहर जाना पड़ जाता है तो खूब पानी पीकर जाएं और अपना शरीर ढक कर ही बारह निकलें।

तापमान पर एक नजर
तिथि             अधिकतम    न्यूनतम
9 अप्रैल          33 डिग्री    18 डिग्री
10 अप्रैल        34 डिग्री    19 डिग्री
11 अप्रैल        36 डिग्री    20 डिग्री
12 अप्रैल        40 डिग्री    22 डिग्री
13 अप्रैल        41 डिग्री    24 डिग्री
14 अप्रैल        41 डिग्री     24 डिग्री

अभिभावक और बच्चे रखें ध्यान
तपिश भरी गर्मी में भी बच्चे स्कूली वाहन में सफर करते हैं। ऐसे में अभिभावक को ध्यान रखना चाहिए कि बच्चों को वाहन में चढ़ाने से पहले जरूर पानी पिलाएं। जब बच्चे स्कूल परिसर में पहुंचें तो वहां स्कूल जिम्मेदारों को चाहिए कि वे बच्चों को वाहन से उतरने के कुछ देर बाद पानी पीने के लिए उपलब्ध करवाएं। इसके अलावा बच्चों को बर्फ आदि खाने को न दें।

खाली पेट घर से न निकलें
चिकित्सकों ने खाली पेट घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। सिविल हॉस्पिटल के चिकित्सक अजय चुघ ने कहा कि गर्मी में थोड़े-थोड़े अंतराल में पानी पीना चाहिए। धूप में निकलने से पहले आंख, कान, नाक आदि को ढक लें।  सिर भी ढका होना चाहिए। शरीर में पानी की कमी न होने दें। इसके लिए पानी में ग्लूकोस मिलाकर पीएं।  साथ ही ककड़ी, खीरा, तरबूज और मौसमी फल भी खाने चाहिएं। आर्टिफिशियल पेयपदार्थ जैसे कोल्ड ड्रिंक आदि पीने से परहेज करना चाहिए।