जमीनी टुकड़े के आगे फीका पड़ा रिश्तों का खून, पिता-पुत्र को मारी गोली

10/16/2017 11:21:31 AM

गोहाना(सुनील जिंदल): गोहाना के गांव बुटाना में दो भतीजों नेे मिलकर अपने ताऊ को मौत के घाट उतार दिया। जबकि ताऊ के बेटे को गोली मारकर गंभीर रुप से घायल कर दिया। उसे गंभीर अवस्था में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। मृतक को पांच गोलियां लगी है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। 

मृतक के परिजनों का कहना है कि राजेंद्र अौर उसके छोटे भाई वीरेंद्र के बीच जमीन के रास्ते को लेकर कहासुनी चल रही थी। वीरेंद्र व उसका बेटा रास्ता देने का दबाव बना रहा था। जबकि परिवार के अन्य लोग धान की फसल काटने के बाद समझौता करने की बात कह रहे थे। राजेंद्र शाम को अपने खेतों में गया था। जहां पहले से घात लगाकर बैठे उसके भतीजे मोहित व रोहित ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला बोल दिया। हमले में राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कुछ ही दूरी पर बने अखाड़े में गए, जहां मृतक का बेटा अरविंद कुश्ती करने के लिए गया था। हमलावरों ने उस पर भी फायरिंग कर दी। उसके सिर पर गोली लगी। 

बुटाना चोकी इंचार्ज एएसआई कृष्ण ने बताया कि अभी मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के पीछे जमीनी विवाद बताया जा रहा है।