राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट को दी जमीन वापस लेने की तैयारी में हरियाणा सरकार

4/18/2018 10:57:47 AM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार पूर्व की हुड्डा सरकार द्वारा राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट को दी गई जमीन को वापस लेने की तैयारी में हैं। करीब 4.8 एकड़ यह जमीन गुडग़ांव के उल्लवास गांव में आंखों का अस्पताल बनाने के लिए राजीव गांधी ट्रस्ट को 2009 में लीज पर दी थी। पंचायत विभाग ने उल्लवास नगर पंचायत को यह जमीन राजीव गांधी ट्रस्ट को देने के आदेश दिए थे।

राजीव गांधी ट्रस्ट को 7 जनवरी 2012 तक इस जमीन पर अस्पताल बनाना था। बाद में ट्रस्ट को अस्पताल बनाने के लिए समय सीमा में विस्तार भी दिया गया लेकिन अभी तक यह अस्पताल नहीं बना सका। यह जानकारी सी.एम. के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने दी। उन्होंने बताया कि डी.टी.सी.पी. ने इसे भूमि अधिग्रहण प्रमाणपत्र का उल्लंघन बताते हुए रद्द कर दिया। पंचायत विभाग अब इस जमीन को दोबारा हासिल करने की कार्रवाई शुरू करेगा। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी राजीव गांधी ट्रस्ट के ट्रस्टी हैं।

Deepak Paul