हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: 155 मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों का कायाकल्प, मिलेगा ज्यादा बजट और सुविधाएं
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 11:41 AM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा में संचालित 155 मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों को मुख्य आंगनबाड़ी केंद्रों में अपग्रेड करने की मंजूरी मिल गई है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने इसकी स्वीकृति दी है। इन केंद्रों में तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को अब केंद्रीय भत्ता 3500 के बजाय 4500 रुपये मिलेगा।
साथ ही एक-एक आंगनबाड़ी सहायिकाओं की भी तैनाती होगी। नई नियुक्त होने वाली आंगनबाड़ी सहायिकाओं को 2,250 रुपये प्रति माह मानदेय मिलेगा। उन्हें प्रति वर्ष 1,000 रुपये वर्दी भत्ता भी मिलेगा। इन केंद्रों को दवा किट का वार्षिक खर्च 750 रुपये से बढ़कर 1,500 रुपये होगा।
उपकरण और फर्नीचर के लिए पांच साल में 3,000 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। अन्य खर्च भी 1,000 रुपये से बढ़कर 2,000 रुपये प्रति वर्ष हो जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों में लाभार्थियों को वर्ष में 300 दिनों तक पूरक पोषण मिलेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक प्रियंका सोनी का कहना है कि इन केंद्रों के संचालन के लिए केंद्र सरकार 60% व 40% राशि राज्य सरकार वहन करेगी। इन केंद्रों के संचालन पर करीब 69.36 लाख रुपये का खर्चा आएगा।