हरियाणा सरकार शुरू करेगी किसान रत्न पुरस्कार: धनखड़

1/31/2019 9:01:25 AM

चंडीगढ़(बंसल): हरियाणा सरकार इस वर्ष से किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘किसान रत्न पुरस्कार’ शुरू करने जा रही है। इसमें पुरस्कार स्वरूप 5 लाख रुपए नकद व एक प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा। यह घोषणा आज हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने हरियाणा पंचायत भवन, चंडीगढ़ मेें आयोजित एक समारोह में की। हरियाणा सरकार की ओर से इस समारोह का आयोजन पद्मश्री-2019 पुरस्कार के लिए चयनित होने वाले किसानों को सम्मानित करने के लिए किया गया। 

धनखड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने देश के 12 किसानों को देश का सर्वोच्च सम्मान देने का निर्णय लिया है। इनमें हरियाणा की 5 विभूतियां भी शामिल हैं। उन्होंने कहा हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया है जहां पद्म विजेताओं को सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि लगातार चौथा कृषि शिखर नेतृत्व करने वाला भी हरियाणा देश का एकमात्र राज्य है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कृषि शिखर नेतृत्व का आयोजन 15 से 17 फरवरी, 2019 तक अंतर्राष्ट्रीय फल एवं सब्जी ट्रमिन्स, गन्नौर, सोनीपत में होगा। उन्होंने बताया कि अब तक 38 किसानों को इन समारोहों में रत्न उपाधि से सम्मानित किया जा चुका है तथा हर श्रेणी में 1-1 लाख रुपए के पुरस्कार दिए जाते हैं। 

इसके अलावा कृषि मेले में उपस्थिति दर्ज करवाने वाले किसानों के लिए भी प्रतिदिन 5 पुरस्कार दिए जाएंगे, जिनमें 2 ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल तथा महिलाओं के लिए स्कूटी के लिए ड्रा निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र पद्मभूषण व पद्मश्री जैसे देश के सर्वोच्च सम्मान न मिलने से उपेक्षित था लेकिन इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके गौरव को बहाल किया है तथा देश के 12 किसानों के साथ कृषि क्षेत्र से जुड़े 5 कृषि वैज्ञानिकों को भी इस पुरस्कार से नवाजा जा रहा है। 
 

Deepak Paul