फोन के जरिए जानकारी लेकर खाते से निकाले हजारों रुपए

2/24/2017 4:34:00 PM

गुड़गांव :शहर के सैैक्टर-40 थाना एरिया अंतर्गत एक व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी का का मामला सामने आया है। फोन के जरिए सारी जानकारी लेकर पीड़ित के खाते से ऑनलाइन 20 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस के अनुसार साइबर क्राइम सैल की जांच के आधार पर केस दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार जलवायु विहार निवासी धरम प्रकाश शर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने बताया है कि उनके खाते से किसी ने 20 हजार रूपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। बताया जाता है कि उनके यहां किसी शख्स का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर बैंक खाते की जानकारियां हासिल कर ली। आरोप है कि उसके बाद पीड़ित के मोबाइल पर उसके खाते से 20 हजार रूपए ट्रांजैक्सन किए जाने का मैसेज आया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। मामले की प्रारंभिक जांच साइबर क्राइम सैल द्वारा की गई।