हिमाचल में इमारत हादसे में हरियाणा के जवान की मौत, चार महीने बाद होनी थी रिटायरमेंट

7/16/2019 10:02:30 PM

जींद (जसमेर मलिक): हिमाचल के सोलन में धराशायी हुई चार मंजिल इमारत के नीचे दबने से जींद की रामबीर कॉलोनी निवासी असफल राइफल में तैनात सूबेदार बलविंदर की अकाल मौत हो गई। आज दोपहर को लगभग एक बजे उनका शव रामबीर कॉलोनी में पहुंचा। यहां सेना के जवानों ने उन्हें सलामी देकर अंतिम संस्कार किया। बलविंदर को उनके नौ साल के बेटे जतिन ने मुखाग्निी दी।



बलिवंदर की पत्नी मोनिका को असम राइफल के नायक सूबेदार डिम्पल कुमार ने तिरंगा भेंट किया। यहां अंतिम संस्कार के समय तहसीलदार कर्ण सिंह, शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार समेत सेना के कई जवान व सैकड़ों की संख्या में कॉलोनी निवासी मौजूद थे।



ऐसे हुआ था हादसा
बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ था उस समय असम राइफल के लगभग 30 जवान एक रेस्टोरेंट में चाय पीने गए थे। उसी समय बिल्डिंग गिर गई और इसके नीचे सभी जवान दब गए। असम राइफल के हवलदार रामभज ने बताया कि बलविंदर सिंह बहुत ही बहादुर अधिकारी थे।



बलविंदर सिंह अभी चार महीने बाद ही रिटायर होने वाले थे। बलविंदर सिंह अपने पीछे विधवा पत्नी मोनिका, बड़ी लड़की रोहिणी, छोटी लड़की कुसुम तथा सबसे छोटा लड़का जतिन छोड़ गए हैं।

Shivam