एन.सी.आर. माइनर में नहाते समय डूबने से 2 छात्रों सहित 3 की मौत

5/4/2017 1:04:49 PM

झज्जर/बहादुरगढ़(प्रवीण धनखड़):एन.सी.आर. माईनर में नहाने उतरे 2 कॉलेज छात्रों समेत 3 की डूबने से मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार कुलासी गांव के एन.सी.आर. कालेज में पढ़ाई करने वाले अमनदीप और कृष्ण छुट्टी के अपने 2 दोस्तों के साथ एन.सी.आर. नहर में नहाने आए थे। इसी दौरान अमनदीप और कृष्ण गहरे पानी में चले गए और डूबने से दोनों की मौत हो गई। हादसे के करीब 3 घंटे बाद दोनों युवकों का शव बरामद किया गया है। 

निलौठी गांव का रहने वाला कृष्ण सिविल इंजीनियरिंग के तीसरे समैस्टर का छात्र था जबकि दिल्ली के पंजाब खोड़ का रहने वाला अमनदीप सिविल इंजीनियरिंग के दूसरे समैस्टर में पढ़ाई कर रहा था। 

अमनदीप के भाई सचिन ने बताया कि अमनदीप सुबह 8 बजे घर से कालेज के लिए निकला था। दोपहर को उसके डूबने की खबर उसके दोस्तों ने उन्हें दी। वहीं, दूसरा हादसा बादली गांव में हुआ। बादली पुलिस चौकी के पास ही एन.सी.आर. माइनर में नहाने के लिए उतरे राजस्थान के रामा की डूबने से मौत हो गई। 

मृतक रामा गाय चराने का काम करता था। गर्मी की तपिश मिटाने को वह नहर में उतरा था लेकिन गहराई में फंसने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए।