इनैलो का चश्मा कमजोर, नहर की जगह खोद डाली सड़क : हुड्डा

2/27/2017 9:56:31 AM

जींद(सुनील मराठा):पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इनैलो ही प्रदेश के लोगों की सबसे बड़ी दुश्मन हैं, क्योंकि इनैलो ने ही प्रदेश में एस.वाई.एल. नहर का पानी नहीं आने दिया। इंदिरा गांधी के शासनकाल में जल समझौते का विरोध इनैलो ने किया तो राजीव गांधी लोंगोवाल समझौते का विरोध भी इनैलो ने किया। इनैलो की गलत नीतियों के चलते प्रदेश में पानी नहीं आ पाया। अब इनैलो नेता अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए एस.वाई.एल. नहर की खुदाई करने जैसे ड्रामे कर रहे हैं। 

 

जींद में पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि खट्टर सरकार ऐसी पहली सरकार है जो समझौता करने के बाद मुकर गई है। पिछले वर्ष खट्टर सरकार ने जाटों के साथ समझौता करते हुए सभी मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था। भाजपा सरकार ने प्रकाश सिंह कमेटी की रिपोर्ट को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। 

 

इनैलो का चश्मा कमजोर हो गया है, इसलिए नहर खुदाई करने की बजाय वह सड़क खोदकर आ गए हैं। हुड्डा ने कहा कि जब इनैलो स्व. देवीलाल के जन्मदिवस पर पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को बुलाती है, पर नहर खुदाई के समय क्यों नहीं बादल को बुलाया। नहर खुदाई मामले को मात्र स्टंट करार देते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि अभय सिंह चौटाला और उसके साथियों पर मात्र धारा 107/51 लगने के बावजूद अब तक जेल में क्यों रखा गया है। उन्होंने निशाना साधा कि पटियाला जेल में अभय चौटाला की सेवा हो रही है।