सिफारिशी अध्यापकों ने किया प्रदेश में शिक्षा का बेड़ा गर्क: प्रेमलता

4/7/2017 10:19:38 AM

जींद(सुनील मराठा):उचाना की भाजपा विधायिका और केंद्रीय इस्पात मंत्री बीरेंद्र सिंह की पत्नी प्रेमलता की मानें तो हरियाणा के सरकारी स्कूलों में शिक्षा का बेड़ा गर्क करने में उन सिफारिशी अध्यापकों की अहम भूमिका है, जो पिछली सरकारों में भर्ती हुए। इसके अलावा प्रेमलता का यह भी मानना है कि हरियाणा जैसे छोटे से राज्य में उपमुख्यमंत्री की कोई जरूरत नहीं है। साथ ही वह सोशल मीडिया और देश के मीडिया में अपने ताबड़तोड़ फैसलों से जनता के दिल में जगह बना चुके यू.पी. के सी.एम. योगी आदित्यनाथ को कुछ खास हजम नहीं कर पा रही। 

अपनी ही पार्टी के एक सी.एम. की तारीफ प्रेमलता करने से पूरी तरह परहेज करती नजर आईं। प्रेमलता गत दिवस जींद में भाजपा के स्थापना दिवस समारोह में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बात कर रही थीं। उनका कहना था कि योगी अभी इतने बड़े हुए नहीं हैं। वैसे भी उत्तर प्रदेश को चलाना देश को चलाने के बराबर है। योगी केवल 5 बार सांसद ही बने हैं। इसलिए हरियाणा के मुख्यमंत्री से फैसलों के मामले में उनकी तुलना ठीक नहीं है। अब विधायिका प्रेमलता को यह कौन समझाए कि खुद उनके पति केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह केवल एक बार लोकसभा के सांसद चुने गए हैं। बीरेंद्र सिंह को लोकसभा चुनाव में हिसार से 2 बार पराजय का सामना करना पड़ा।