नाबालिग ने शर्म के मारे फंदा लगाकर दी जान, चोरी किए थे 700 रुपए

10/25/2017 12:59:01 PM

जींद(सुनील मराठा): गांव बधाना में किशोर ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने 2 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है। बधाना के जगत सिंह के बेटे रविंद्र (15) का शव सोमवार सुबह खेत में पेड़ से फंदे पर लटकता मिला। मृतक के बड़े भाई रवि ने आरोप लगाया कि रविवार सुबह मोहल्ले में दुकान चलाने वाले रामधारी की दुकान में 700 रुपए चोरी हो गए थे। रामधारी के परिवार ने रविंद्र पर चोरी का आरोप लगाया था। मामला पुलिस तक भी पहुंचा। परिवारिक स्तर पर पंचायत भी हुई। 

रामधारी के परिवार ने पूर्व में हुई चोरी सहित 8300 रुपए की मांग की। इसमें फैसला हो गया था। रविवार शाम को रविंद्र घर से लापता हो गया। तलाशने पर भी उसका सुराग नहीं लगा। सोमवार सुबह रविंद्र का शव खेत में फंदे पर लटका मिला।

रवि ने आरोप लगाया कि रामधारी तथा उसका बेटा विनोद उनके घर पर धमकी देकर गए थे जिसके चलते उसके भाई ने फंदा लगाकर आत्महत्या की। अलेवा थाना के जांच अधिकारी कुलबीर सिंह ने बताया कि रवि की शिकायत पर रामधारी तथा विनोद के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।