चोरों ने मकान में लगाई सेंध, हजारों की नकदी सहित जेवरात चोरी

4/29/2017 3:42:41 PM

कैथल(सुखविंद्र):अर्जुन नगर गली नंबर-1 में देर रात चोरों ने एक मकान में सेंध लगा दी। यहां से उन्होंने सोने, चांदी के जेवरात सहित नकदी चुराई। साथ ही मोबाइल और अन्य सामान लेकर चोर फरार हो गए। मकान मालिक ने रात करीब एक बजे देखा तो तत्काल पुलिस को फोन किया। रात को ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया लेकिन गत शाम तक भी लिखित में चोरी की शिकायत नहीं की गई थी। अर्जुन नगर निवासी गोविंद ने बताया कि गत दिवस उसके ताऊ की बेटी की शादी का महिला संगीत था। घर में मेहमान आए हुए थे। खाना खाकर वह अपनी मां और बीवी बच्चों के साथ रात को आयोजन में गया था। वे रात को ही करीब एक बजे वापस लौटे। वे जब घर आए तो मेन गेट का ताला लगा हुआ था। गेट खोलकर जैसे ही अंदर गए तो कमरे के दरवाजे पर लगा ताला टूटा मिला। अंदर स्टोर का ताला भी लोहे की रॉड से तोड़ा गया था। स्टोर में रखी अलमारी खोलकर उसका लॉकर भी रॉड से तोड़ा गया।

इसमें सोने की 3 चेन, 6 अंगूठी, कान की बालियां, बच्चों के चांदी के कड़े और 18 हजार रुपए की नकदी रखी थी, जिसे चोर चुरा ले गए। साथ ही रखी पेटी का भी ताला तोड़ा गया था। गोविंद ने बताया कि चोर उसकी पत्नी के पर्स से 2500 रुपए और एक मोबाइल फोन भी ले गए। चोरों ने फ्रिज में रखे फल भी खाए। महज अढ़ाई घंटे के अंतराल में चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। चोर मेन गेट के साथ खुली दीवार फांद कर अंदर घुसे थे। उनके चढ़ने के निशान दीवार पर साफ नजर आ रहे थे। गोविंद ने बताया कि शादी से निपट कर ही वे पुलिस में शिकायत करेंगे।