किसानों के साथ अन्याय का हर हाल में जवाब दिया जाएगा: तंवर

6/18/2017 12:16:05 PM

करनाल(कमल मिड्ढा):कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा किसानों का असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बार लोकसभा और विधानसभा चुनावों में किसानों के साथ सरकार की वायदाखिलाफी का बदला मतदाता द्वारा लिया जाएगा। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में पिछले महीनों में 100 से ज्यादा किसान आत्महत्या कर चुके हैं। हरियाणा में भी किसान आत्महत्या के लिए मजबूर हैं। तंवर करनाल पहुंचे। यहां उन्होंने सैक्टर-12 पहुंचकर सत्याग्रह स्थल का निरीक्षण किया। उसके बाद उन्होंने तैयारियों का जायजा लेने के लिए कर्ण लेक पर कार्यकर्त्ताओं की मीटिंग ली। तंवर ने बताया कि कांग्रेस किसानों के दुख-दर्द में हमेशा उनके साथ है। 

पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि वह किसानों के साथ 19 से 21 तक 3 दिन तक सी.एम. सिटी सैक्टर-12 में फाऊंटेन पार्क के सामने सत्याग्रह पर बैठेंगे। कांग्रेस ने कभी किसानों के साथ अन्याय नहीं होने दिया। सरकार किसानों को बेसहारा नहीं समझें। सारा देश किसानों के साथ है। अब मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री घडियाली आंसू बहा रहे हैं।